हमसे जुड़े

Follow us

42.4 C
Chandigarh
Saturday, April 25, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान निजीकरण के खि...

    निजीकरण के खिलाफ ऐलान, 27 अप्रैल को सड़कों पर उतरेगा विद्युत विभाग

    Electricity Department Privatization: हनुमानगढ़। हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति ने निजीकरण के मुद्दे पर अब निर्णायक लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। शनिवार को जंक्शन स्थित एईएन कार्यालय में आयोजित बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिनिधि मंडल ने साफ कर दिया कि 27 अप्रैल को हनुमानगढ़ की सड़कों पर जनसैलाब उतरकर निजीकरण के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराएगा। बैठक में संयोजक अरविन्द गढ़वाल, कुलदीप शर्मा, कुलदीप पूनिया, अनिल चलका, राकेश झाझड़ा, रमेश हुड्डा, सुनील गिरी और उमाशंकर सहित कई नेताओं ने कर्मचारियों को एकजुटता का संदेश दिया। Hanumangarh News

    संयुक्त संघर्ष समिति की हुंकार-एकजुटता से ही रुकेगी निजीकरण की तलवार

    वक्ताओं ने दो टूक कहा कि यह लड़ाई सिर्फ नौकरी की नहीं, बल्कि पूरे विभाग के अस्तित्व की है। संयोजक अनिल चलका ने कहा कि हनुमानगढ़ पर निजीकरण की तलवार लटक रही है और यदि अब भी कर्मचारी नहीं जागे तो आने वाला समय बेहद कठिन होगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस फैसले को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और कर्मचारियों की एकता ही इस ‘तलवार’ को तोड़ सकती है। उन्होंने दावा किया कि 27 अप्रैल का आंदोलन अब तक के सभी प्रदर्शनों को पीछे छोड़ देगा। इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारी सड़कों पर उतरेंगे कि विभाग को भी अंदाजा हो जाएगा कि कर्मचारियों की ताकत क्या होती है। तकनीकी, मंत्रालयिक और फील्ड से जुड़े सभी कर्मचारियों ने आंदोलन में भाग लेने की तैयारी पूरी कर ली है।

    कुलदीप शर्मा ने कहा कि निजीकरण केवल कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि आम जनता के लिए भी नुकसानदेह साबित होगा। इससे बिजली महंगी होगी, सेवाओं की गुणवत्ता गिरेगी और आम उपभोक्ता परेशान होंगे। इसलिए इस आंदोलन को जनआंदोलन का रूप देना जरूरी है। संघर्ष समिति ने गांव-गांव और शहर के हर हिस्से में संपर्क अभियान तेज कर दिया है। कर्मचारियों को व्यक्तिगत रूप से जोड़ने और आंदोलन में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार बैठकें और संवाद किए जा रहे हैं। समिति के नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण जरूर होगा, लेकिन अपनी ताकत और संख्या के बल पर सरकार को झुकाने का माद्दा रखता है। इस मौके पर राजकुमार स्वामी, रोशन, जितेन्द्र शेखावत, विकास बेनीवाल, आकाश गर्ग, मन्दर सिंह, गुरमुख सिंह, लखविन्द्र, राकेश, महेन्द्र, इन्द्रजीत और राजेन्द्र शर्मा सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। Hanumangarh News