नशा, किसान, बिजली, वोट वंचना सहित जनसमस्याओं पर आंदोलन की रणनीति
AAP Rajasthan: हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी की ओर से ‘आप आप रै साथ’ अभियान के तहत कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जंक्शन स्थित पीआर एकेडमी में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले भर से पार्टी के पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में स्टेट सेक्रेटरी एवं बीकानेर संभाग संगठन प्रभारी राजवीर माली तथा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने ‘आप आप रै साथ’ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। Hanumangarh News
प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिले में बेरोकटोक चल रहे नशे के अवैध कारोबार पर गंभीर चिंता व्यक्त की और इसे युवाओं के भविष्य के लिए घातक बताते हुए इसके खिलाफ पार्टी स्तर पर व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया। बैठक में गोलूवाला थाना क्षेत्र में अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। इस विषय पर आमजन को साथ लेकर गोलूवाला पुलिस थाना पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। साथ ही किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अभियान शुरू करने पर चर्चा की गई।
घर-घर संपर्क अभियान चलाने का निर्णय
सिर अभियान के अंतर्गत वोट से वंचित किए जा रहे लोगों को जोड़कर नए वोट बनवाने तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित पात्र लोगों को जोड़ने के लिए भी प्रयास करने पर सहमति बनी। प्रशिक्षण में टिब्बी एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में चल रहे आंदोलन में पार्टी के अन्य क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को भी शामिल करने का प्रस्ताव पारित किया गया। टिब्बी नगर पालिका क्षेत्र में साफ-सफाई, गंदे पानी की निकासी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लोगों को वंचित किए जाने के मुद्दे पर नगर पालिका घेराव का निर्णय लिया गया।
वर्षांे से बंद पड़ी स्पिनिंग मिल को पुन: चालू करवाने के लिए आंदोलन चलाने पर भी सहमति बनी। वहीं जंक्शन क्षेत्र में फैक्ट्रियों से निकलने वाले बदबूदार पानी की समस्या को गंभीर बताते हुए इसे हल करवाने का निर्णय लिया गया। टिब्बी नगर पालिका क्षेत्र में कॉलोनाइजरों को लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे भूमि रूपांतरण के मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आम नागरिकों को पट्टे बनाने के नाम पर भ्रमित कर आर्थिक शोषण किया जा रहा है, जिसे सफल नहीं होने देने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही राजस्थान में बढ़ते बिजली बिलों को लेकर जनता से लूट का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ आंदोलन चलाने का निर्णय भी लिया गया। Hanumangarh News















