आज ही के दिन प्रदेश में घुसा था ‘कोरोना’, मलेशिया-इंडोनेशिया से गुरुग्राम लौटी महिला में मिला था वायरस

Coronavirus

16 मार्च 2020 को सामने आया था संक्रमण का पहला केस (Corona History)

सच कहूँ/संजय मेहरा गुरुग्राम। हरियाणा में कोरोना के आज के दिन यानी 16 मार्च 2020 को एंट्री की थी। मलेशिया और इंडोनेशिया से लौटी गुरुग्राम निवासी 26 वर्षीय एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई थी। पहले से ही सक्रिय सरकार ने हरियाणा में कोरोना की एंट्री के बाद कई तरह के प्रतिबंध प्रदेश में लगा दिए थे। जब यहां 10 कोरोना के केस होने के बाद 9 केस ठीक हुए और दसवां भी ठीक होने का इंतजार था। तभी तब्लीगी जमात के एक साथ कई केस मिलने के बाद यहां स्थिति उलट गई।

कोरोना को लेकर हरियाणा सरकार ने 15 मार्च 2020 से सक्रियता दिखाई थी। उस दिन से किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों के एकत्रित होने पर 31 मार्च 2020 तक पाबंदी सरकार ने लगाई थी। साथ ही दिल्ली के साथ लगते गुरुग्राम समेत अन्य शहरों में कम से कम 100 आइसोलेशन बेड तैयार करने के आदेश प्रशासन को दिए। अगले दिन 16 मार्च को सरकार ने मंदिरों में श्रद्धालुओं के जाने पर रोक लगा दी। इसमें गुरुग्राम का श्रीशीतला माता मंदिर भी शामिल रहा। यहां 15 मार्च से ही चैत्र मेला शुरू हुआ था। जिसे 16 मार्च 2020 की शाम को कोरोना के खौफ के बीच रद्द कर दिया गया। इसके बाद तो पूरा तंत्र सक्रिय हो गया और विदेशों से आने वाले यात्रियों पर नजर रखी जाने लगी।

16 मार्च को 1486 यात्रियों, संदिगध केसों की पहचान

विदेशों से 16 मार्च 2020 को आए 1486 यात्रियों, संदिग्ध केसों की पहचान की गई। उनमें से 1273 यात्रियों को होम क्वारंटाइन किया गया। वहीं 3 को मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में और 3 यात्रियों को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करके कुल यात्रियों में से 21 के सैंपल पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ वायरोलॉजी में भेजे गए। इनमें से पहले दिन 16 सैंपल की रिपोर्ट मिली। देर रात इन 16 में से 15 की रिपोर्ट नेगेटिव आई और एक पॉजिटिव। पॉजिटिव आने वाली गुरुग्राम निवासी एक महिला थी। वह मलेशिया-इंडोनेशिया की यात्रा करके लौटी थी। यहीं से हरियाणा में कोरोना की एंट्री हुई। इसके दो दिन बाद 19 मार्च तक 4 लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके थे। बढ़ती संख्या को देखते हुए हड़कंप मच गया।

22 मार्च को लगा था जनता कर्फ्यू

देशभर में कोरोना केस बढ़ते देख 22 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता कर्फ्यू की घोषणा की। जनता कर्फ्यू के एक दिन पूर्व 21 मार्च को गुरुग्राम में कोरोना के 6 पॉजिटिव केस हो चुके थे। जनता ने 22 मार्च को कर्फ्यू को पूरी तरह से कामयाब बनाया। कर्फ्यू के बीच ही यहां 22 मार्च को पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 8 हुई। 24 मार्च को पॉजिटिव केसों की 8 से बढ़कर 10 हो गई। इस आंकड़े को किसी भी तरह से बढ़ने से रोकना था। इसलिए यहां के प्रशासन ने कमर कस ली। 24 मार्च 2020 की आधी रात को 12 बजे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में लॉकडाउन की घोषणा कर दी। अगले दिन 25 मार्च से देशभर में लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई।

सबसे पहले 7 जिलों में लॉकडाउन की घोषणा

जनता कर्फ्यू वाले दिन ही यानी 22 मार्च की शाम को हरियाणा सरकार ने प्रदेश के 7 जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, झज्जर, रोहतक और पंचकूला में लॉकडाउन की घोषणा कर दी। 23 मार्च को यहां अतिरिक्त मुख्य सचिव वी.एस. कुंडू की ओर से ली गई बैठक में स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी गई कि अभी तक 4400 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। वहीं 148 सैंपल जांच को पीजीआई रोहतक भेजे गए थे, जिनमें से 130 की रिपोर्ट तैयार हुई। जिनमें 122 की रिपोर्ट नेगेटिव और 8 की पॉजिटिव आई। इसी के साथ 17 अस्पतालों को भी सैंपल लेने के लिए चिन्हित कर लिया गया था। 24 मार्च को कोरोना पॉजिटिव की संख्या 10 तक पहुंचने के बाद लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में इमरजेंसी आपरेशन सेंटर बनाया गया। साथ ही हेल्पलाइन नंबर-1950 भी जारी किया गया।

तब्लीगी जमात से आए लोगों ने बढ़ाई मुसीबत

24 मार्च से 28 मार्च के बीच एक भी कोरोना का पॉजिटिव नहीं पाया गया। सैंपल जांचे गए। 28 मार्च की शाम को गुरुग्राम के अस्पतालों में भर्ती 10 कोरोना पॉजिटिव में से 5 ठीक हो गए। इन पांच में जो सबसे पहली महिला पॉजिटिव थी, वह भी ठीक हो गई। प्रदेशभर के 20 मरीजों में से अकेले गुरुग्राम से पांच केस थे। 30 मार्च को एक मरीज और ठीक हुआ। अगले दिन 31 मार्च की शाम होते-होते 3 और कोरोना संक्रमित एक मरीज पॉजिटिव रह गया। स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन के अथक प्रयासों से यहां कुल 10 में से 9 कोरोना पॉजिटिव ठीक हो गए। यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या जीरो होने की उम्मीद थी, इसी बीच तब्लीगी जमात के एक साथ कई केस आने से यहां फिर से हड़कंप मच गया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।