सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान जारी

Lok Sabha, Election 

कांग्रेस पार्टी के कई दिग्‍गजों की साख दांव पर लगी

नई दिल्‍ली। Lok Sabha Election 2019  लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए आज 7 राज्यों की 51 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में भाजपा और कांग्रेस पार्टी के कई दिग्‍गजों की साख दांव पर लगी है। इनमें गृहमंत्री राजनाथ सिंह, यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शामिल हैं। भाजपा के लिए यह चरण इसलिए भी महत्‍वपूर्ण है, क्योंकि 2014 के लोकसभा चुनाव उसे 51 में से 40 सीटें मिली थीं। वहीं, कांग्रेस को सिर्फ दो सीट पर ही जीत मिली थी। पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14, राजस्थान की 12, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की सात-सात, बिहार की पांच और झारखंड की चार सीटों के लिए मतदान हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में लद्दाख सीट के लिए मतदान हो रहा है। अनंतनाग सीट के लिए भी पुलवामा और शोपियां जिले में वोट डाले जा रहा हैं।

8:05 AM: उत्‍तर प्रदेश के लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती अपना वोट डालने पहुंची। वोट डालने के बाद मायावती के चेहरे पर मुस्‍कान दिखी। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्‍होंने मतदाताओं के वोट करने की अपील की है।

7:55 AM: पश्चिम बंगाल में ईवीएम और वीवीपैट में खराबी की वजह से हावड़ा के बूथ नंबर 289/291/292 पर अभी तक वोटिंग प्रारंभ नहीं पाई है। चुनाव अधिकारी समस्‍या का समाधान करने में जुटे हैं।

7:40 AM: गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के पोलिंग बूथ से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्‍होंने गोमतीनगर बूथ पर अपने परिवार के साथ वोट डाला। राजनाथ सिंह लखनऊ से भाजपा उम्‍मीदवार हैं।

7:31 AM: राजस्‍थान के जयपुर में पोलिंग स्‍टेशन पर पत्‍नी गाय‍त्री राठौर के साथ मतदान करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री राज्‍यवर्धन सिंह राठौर। राजस्थान की जयपुर ग्रामीण सीट से राठौर चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने उनके खिलाफ ओलंपियन कृष्णा पूनिया को चुनाव मैदान में उतारा है।

7:15 AM: झारखंड में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा और उनकी पत्नी निलिमा सिन्हा मतदान करने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचे। बूथ के बाहर कतार लंबी है, इसलिए उन्‍हें बैठने के लिए कुर्सी दी गई।

7:09 AM: इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से आज बड़ी सख्या में मतदान करने की अपील की है। पीएम ने ट्वीट करते हुए कहा कि एक वोट हमारे लोकतंत्र को समृद्ध करने और भारत के बेहतर भविष्य में योगदान देने का सबसे प्रभावी तरीका है। मुझे उम्मीद है कि मेरे युवा मित्र रिकॉर्ड संख्या में मतदान करेंगे।

7:03 AM: 7 राज्यों की 51 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। भाजपा के लिए यह चरण इसलिए भी महत्‍वपूर्ण है, क्योंकि 2014 के लोकसभा चुनाव उसे 51 में से 40 सीटें मिली थीं। वहीं, कांग्रेस को सिर्फ दो सीट पर ही जीत मिली थी।

पांचवें चरण के लिए कुल 94,000 मतदान केंद्र और बूथ बनाए गए हैं। चुनाव आयोग ने सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस चरण के साथ ही कुल 424 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो जाएगा। 12 और 19 मई को आखिरी दो चरणों में 118 सीटों के लिए मतदान होगा। 23 मई को मतगणना होगी।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।