भारत-पाक युद्ध के गवाह लेफ्टिनेंट कर्नल जय सिंह का निधन

Lt Col Jai Singh sachkahoon

सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

भिवानी(सच कहूँ न्यूज)। 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध में हिस्सा लेने वाले लेफ्टिनेंट कर्नल जय सिंह (सेवानिवृत्त) का 30 सितंबर 2021 को झांसी कैंट में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। 12 जनवरी 1939 को भिवानी जिले में जन्मे, ले. कर्नल जय सिंह ने 1964 में 2 लांसर्स, (गार्डनर्स होर्स) में कमीशन प्राप्त किया था। वह 1980 में 41 आर्मर्ड रेजिमेंट की स्थापना टीम में थे और रेजिमेंट के पहले सेकंड-इन-कमांड रहे। बाद में 1982 से 1984 तक उन्होंने रेजिमेंट की कमांड भी संभाली। उन्होंने राष्ट्र की सेवा में 27 वर्षों तक बतौर अफसर सराहनीय सेवाएं दी। वे भारतीय सेना के एक ऐसे आदर्श अधिकारी, सज्जन और अनुकरणीय सैनिक थे जिनके कार्य को उनके साथ काम करने वाले सभी अधिकारियों और जवानों द्वारा सराहा गया।

भिवानी जिले के गांव दांग कलां के निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल जय सिंह ने 30 सितंबर को उत्तर प्रदेश के झांसी में अंतिम सांस ली और झांसी में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। वह अपने पीछे धर्मपत्नी, पुत्र और पुत्री सहित एक गर्वित रेजिमेंट और कैवेलरी बिरादरी छोड़ गए हैं। उनके पुत्र अजय सिंह बेरवाल भी आर्मर्ड कोर में लेफ्टिनेंट कर्नल के रूप में राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। उनकी आत्मिक शांति के लिए रस्म क्रिया व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन 10 अक्तूबर, रविवार को न्यू अकबर लाइंस, झांसी कैंट, उत्तर प्रदेश में किया जाएगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।