हल्दी रस्म के बाद बिगड़ी हालत, इलाज के दौरान दुल्हन की मौत

शादी की हल्दी रस्म के बाद बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान दुल्हन ने तोड़ा दम, हल्दी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए

Sarvesh Kumar Picture
Published On

खरगोन (एजेंसी)। Khargone News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में दुल्हन को वैवाहिक रस्म के दौरान लगाई गई हल्दी से रिएक्शन हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने हल्दी के सैंपल लिए हैं और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार, खरगोन के कसरावद में रहने वाली राखी की अप्रैल महीने में शादी थी, और उसी दौरान वैवाहिक रस्मों के दौरान हल्दी का कार्यक्रम हुआ। हल्दी लगाई जाने के बाद राखी के शरीर पर लाल दाग पड़ गए और उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई।

राखी को उपचार के लिए खरगोन के अस्पताल लाया गया, जहां से उसे इंदौर के लिए रेफर कर दिया गया। बाद में उसकी मौत हो गई। मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीएस चौहान का कहना है कि राखी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था और बेहतर उपचार के लिए इंदौर के एम. वाई. अस्पताल भेजा गया था, मगर परिवार के लोग उसे निजी अस्पताल ले गए।

निजी चिकित्सालय के चिकित्सकों ने भी उन्हें एम वाय अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन उसकी मौत हो गई और फिर वापस खरगोन लेकर आए। उन्होंने आगे बताया कि दुल्हन के साथ और भी 15-20 लोगों ने हल्दी लगवाई थी, मगर किसी को कुछ नहीं हुआ। हल्दी के सैंपल लिए गए हैं और जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार है।

फूड सेफ्टी अफसर एच एल अवास्या के मुताबिक, कसरावद सहित कई अन्य स्थानों के भी हल्दी के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है। भोपाल प्रयोगशाला से आने वाली रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Robber-Bride
सांकेतिक फोटो

About The Author

Related Posts