पीठ में छुर्रा घोपने वाला नहीं हो सकता किसी के प्रति वफादार: राज सिंह दहिया

Kharkhoda
Kharkhoda पीठ में छुर्रा घोपने वाला नहीं हो सकता किसी के प्रति वफादार: राज सिंह दहिया

जेजेपी जिलाध्यक्ष राज सिंह दहिया ने कोजेट होटल में किया पत्रकारवार्ता को संबोधित

Kharkhoda, सच कहूं (हेमंत कुमार)। जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं जिला पार्षद के पूर्व चेयरमैन राज सिंह दहिया ने कहा कि पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया ने पीठ में छुर्रा घोपने का काम किया है। जेजेपी पार्टी ने सबसे ज्यादा सम्मान पदम दहिया को दिया। लेकिन उसने बदले मे क्या किया ये सभी के सामने है।

जेजेपी जिलाध्यक्ष राज सिंह दहिया ने मंगलवार को कोजेट होटल में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दूसरों की पीठ में छुर्रा घोपने वाला किसी के प्रति वफादार नहीं हो सकता। भले ही आज पदम दहिया कांग्रेस में चले गए है ।लेकिन क्या वो भूपेन्द्र हुड्डा के प्रति वफादार निभाएंगे ऐसा कभी नहीं हो सकता। आज वो पार्टी के प्रति जो ब्यान बाजी कर रहा है वो इसलिए कर रहा है क्योंकि उसे कांग्रेस में कोई मान-सम्मान नहीं मिला।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि हाल ही मे पदम दहिया ने एक ब्यान दिया है कि पार्टी ने मुझे मान-सम्मान नहीं दिया। इसलिए मैंने जेजेपी को छोड़ दिया। इस बारे में मैं आपको बताता हूं कि 1996 में मेरी विधायक की टिकट काटकर पदम दहिया को दी गई लेकिन वो हार गया।

इसके बाद दोबारा सन 2000 में टिकट मिली जिसमें पार्टी की लहर में ने उसे विधानसभा में भेजने का कार्य किया। उसके विधायक रहते पार्टी ने उसके कहने पर 850 युवाओं को रोजगार दिया। इसके बाद पार्टी ने उसे 2014 में लोकसभा से टिकट दी, जिसमें वो हार गया। इसके अलावा पार्टी में वो लंबे समय तक जिलाध्यक्ष के पद पर रहा। एक समय था जब वो कहता था कि अजय मेरे राजनैतिक गुरू है। लेकिन अब क्या हुआ जो उनकी ही पीठ में छुर्रा घोपने का कार्य पदम दहिया ने किया। इससे पता चलता है कि वो किस प्रवृति का आदमी है। ऐसा आदमी जीवन में कभी आगे नहीं बढ़ सकता।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब मैं सोनीपत जिला परिषद का चेयरमैन था, इसी व्यक्ति ने मेरे बारे में पार्टी हाईकमान को गलत भ्रम में डाला, जिसके कारण पार्टी ने मुझे निष्कासित कर दिया। इसके बाद मेरे पास सभी पार्टियों के निमंत्रण आए लेकिन मैं पार्टी का सच्चा सिपाही था। इसलिए मैंने किसी पार्टी को ज्वाईन नहीं किया। उन्होंने कहा कि पदम दहिया को पार्टी ने विधायक बनाया, वरना वो तो गांव में सरपंच भी नहीं बन सकता था। उसने गांव में सरपंच का चुनाव लड़ा लेकिन हार गया। इसके अलावा कॉलेज व कॉपरेटिव सोसायटी का चुनाव लड़ा उसमें भी हार गया। आज पार्टी द्वारा बनाए गए विधायक के रूप में विधायकी की पेंशन ले रहा है। इसके अलावा पार्टी ने उसको गुरूग्राम में फ्लैट दिया, जिसकी आज करोड़ो की कीमत है। पार्टी के दम पर इतना सुख भोगने पर भी वो आज कह रहा है कि पार्टी ने मुझे मान-सम्मान नहीं दिया।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत आज प्रदेश के गरीब, कमेरे व किसान वर्ग के लिए कार्य कर रहे है और जनता आज उनकी नीतियों से खुश है। उन्होंने चुनाव के दौरान जनता को किए गए अधिकतर वायदों को पूरा करने का कार्य किया है, जिसकी बदौलत आने वाले 2024 के चुनाव में पार्टी को जनता का भारी समर्थन प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि खरखौदा में आयोजित विजय संकल्प रैली में भारी संख्या में पहुंचकर लोगों ने दिखा दिया कि खरखौदा विधानसभा के लोग भाई पवन खरखौदा के साथ है और मुझे पूरा विश्वास है कि 2024 में खरखौदा विधानसभा से पवन जेजेपी का विधायक होगा।इस मौके पर जेजेपी के व्यापार प्रकोष्ठï जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता, सोनीपत हलका अध्यक्ष संदीप गहलावत, बीसी जिलाध्यक्ष जुगती राम, इनसो जिलाध्यक्ष शुभम नैन तथा सतीश दुभेटा मौजूद रहे।