गुजरात में राहुल की गाड़ी पर पत्थरबाजी, कांच टूटा

Published On

एसपीजी जवान चोटिल, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में विरोध, काले झंडे दिखाए

धानेरा (एजेंसी)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की गाड़ी पर शुक्रवार को गुजरात के बाढ़ प्रभावित बनासकांठा जिले के धानेरा शहर के उनके संक्षिप्त दौरे के दौरान पत्थर से हमला किया गया, जिससे उनके वाहन का कांच टूट गया और उनकी सुरक्षा में शामिल एसपीजी का एक जवान मामूली रूप से चोटिल हो गया, हालांकि गांधी को कोई चोट नहीं पहुंची। गुजरात सरकार ने इस घटना की निंदा की है। वहीं उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेल ने इस बात पर सवाल उठाया किए जब राहुल गांधी को सरकार की ओर से बुलेट प्रूफ कार उपलब्ध करवाई गई थी तो वे निजी वाहन में क्यों घूम रहे थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्थानीय लोगों में कांग्रेस के प्रति गुस्सा है।

जानकारी के अनुसार राहुल गांधी के साथ मौजूद कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया ने बताया कि उनके नेता जब स्थानीय लाल चौक पर एक सभा के बाद स्थानीय हवाई अड्डे पर बने हेलीपैड की ओर जाने के लिए निकल रहे थे, तभी युवा भाजपा के स्थानीय अध्यक्ष ने एक पत्थर गांधी को लक्ष्य कर उनकी गाड़ी पर फेका। गांधी आगे की सीट पर चालक के बगल में थे पर पत्थर संयोगवश पीछे की कांच पर लगा, जो टूट गया। इस मामले की शिकायत स्थानीय एसपी और डीएसपी से की गई है।

गुस्साए किसानों और व्यापारियों ने दिखाए काले झंडे

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने कहा कि इस घटना में एसपीजी का एक कमांडो घायल भी हो गया। पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने इस मामले में किसी के भी गिरफ्तार नहीं होने को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने हमले तथा विरोध के पीछे भाजपा सरकार की शह होने का भी आरोप लगाया। उधर गांधी को इससे पहले स्थानीय व्यापारियों और किसानों का विरोध झेलना पड़ा, जिन्होंने उन्हें न केवल काले झंडे दिखाए बल्कि उनके सामने ही मोदी-मोदी के नारे भी लगाए।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts