हिसार में हड़ताली सफाई कर्मचारियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

हिसार (सच कहूँ न्यूज) हरियाणा में नौ दिन से चल रही सफाईकर्मियों की हड़ताल के दौरान आज हिसार में जिला प्रशासन की पुलिस बल की मौजूदगी में कूड़ा उठाने के प्रयासों का विरोध करने पर पुलिस ने सफाईकर्मियों पर लाठीचार्ज किया। हिसार नगर निगम प्रशासन की तरफ से तड़के पांच बजे कूड़ा उठान का कार्य शुरू किया था, जिसका पता लगने पर हड़ताली कर्मचारी वहां पहुंच गये और विरोध करने लगे। इस दौरान पुलिस बल और कर्मचारियों में नोंक-झोंक और धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों ने कचरा भरकर ले जा रहे ट्रैक्टर चालक पर बजरी और मिट्टी फेंकनी शुरू कर दी। कुछ हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने सुए से ट्रैक्टर ट्राली के टायर पंक्चर करने का प्रयास भी किया पर ट्रैैक्टर ट्राली चालक वहां से ट्राली को लेकर निकल गया, जिसके बाद सफाई कर्मचारी उनके पीछे दौड़ पड़े।

ट्रैक्टर चालक के सिर में मामूली चोटें आई

इस पर पुलिस ने सफाईकर्मियों पर लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारी कुछ समय के लिए तितर-बितर हुए लेकिन बाद में फिर लौट आए और रोडजाम कर दिया। इस घटनाक्रम में एक ट्रैक्टर चालक के सिर में मामूली चोटें आईं हैं। ठेकेदार मुकेश ने आरोप लगाया कि हड़ताली कर्मचारियों ने पत्थर मारकर उनके चालक नरेश का सिर फोड़ दिया। मुकेश के अनुसार उसकी निजी अस्पताल में उपचार करवाकर उसे घर भेज दिया गया। ठेकेदार ने आरोप लगाया कि इसके अलावा सफाई के लिए लेकर गए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो जेसीबी के टायरों में सुए मारकर प्रदर्शनकारियों ने पंक्चर कर दिया।

क्या है मामला

इस बीच, नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान राजेश ने दावा किया कि आज के घटनाक्रम के दौरान किसी भी सफाई कर्मचारी ने पथराव नहीं किया और आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक पुलिस की लाठियों से ही घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि इस लाठीचार्ज में तीन महिला सफाई कर्मचारियों को भी चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि उनका धरना निगम के गेट पर शांतिपूर्वक चल रहा है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।