हमसे जुड़े

Follow us

25.6 C
Chandigarh
Friday, April 17, 2026
More
    Home देश रोहतक: जिम ट्...

    रोहतक: जिम ट्रेनर की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर हत्या

    Rohtak
    Rohtak रोहतक: जिम ट्रेनर की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर हत्या

    रोहतक (ब्यूरो)। शादी समारोह से लौट रहे जिम ट्रेनर की अज्ञात हमलावरों ने लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी था और कई मेडल जीतकर प्रदेश का नाम भी रोशन कर चुका था। पुलिस ने इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

    पुलिस के अनुसार गांव हुमायुपर निवासी रोहित धनखड़ सेक्टर चार स्थित जिम खाना क्लब में ट्रेनर था। वह अपने दोस्त के साथ शादी समारोह में भिवानी गया था और वहां पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जब रोहित बारात से वापिस घर लौट रहा था तभी रास्ते में 15-20 युवकों ने उसे घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

    रोहित को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि रोहित अविवाहित था और वह जिम खाना क्लब में ट्रेनर था। कई नेशनल चैम्पियनशिप में भी रोहित ने पदक जीते हैं और वर्ष 2016 में 15 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी रोहित को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया था। रोहित के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।