अमेरिका भेजने के नाम पर ठगे 23 लाख रुपये

Cyber Fraud
पुलिस ने शिकायत देने के एक साल बाद राजस्थान के दो लोगों के विरुद्ध दर्ज किया मामला

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजा

कुरुक्षेत्र (सच कहूँ/देवी लाल बारना)। कुरुक्षेत्र के पिहोवा सदर थाना पुलिस ने अमेरिका भेजने के नाम पर 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि गांव कराह साहिब निवासी कुलदीप सिंह ने 12 अगस्त 2020 को पिहोवा सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अमेरिका जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात गांव बोधनी निवासी मलकीत सिंह के साथ हुई। वह विदेश भेजने का काम करता था। उसे विदेश भेजने के लिए 28 लाख रुपये में बातचीत तय हो गई 24 अप्रैल 2018 को उसको 15 लाख रुपये नकद, पासपोर्ट व अन्य कागजात दे दिए।

आरोपित ने उसे जल्दी वीजा मिल जाने की बात कही। आरोपित ने उसे फिजी भेज दिया, जहां से उसको फर्जी वीजा होने के कारण वापस भारत भेज दिया। उसने आरोपित से बात की तो उसे कहा गया कि उसका दोबारा वीजा लगवा देंगे। इसके बाद उसे इक्वाडोर भेज दिया गया। इक्वाडोर में उसको एक होटल में रखा गया। उसे बताया गया कि इक्वाडोर से जंगल के रास्ते ही अमेरिका में प्रवेश करना है। कुलदीप सिंह ने गलत तरीके से अमेरिका में प्रवेश करने से मना किया तो उसको परेशान करना शुरू कर दिया। मलकीत सिंह ने उसकी व कुछ अन्य लड़कों की वीडियो बनाकर उसके घरवालों को दिखाई और धोखे से 13 लाख रुपये ले लिए। पैसे मिलने के बाद कुलदीप सिंह को जबरदस्ती जंगल व समुद्र के रास्ते मैक्सिको भेज दिया, जहां पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसको जेल में रखा गया।

वहां से उसे वापस भारत भेज दिया। भारत वापस आकर उसने आरोपित से बातचीत की और रकम वापस मांगी। आरोपित ने उसे पांच लाख रुपये वापस कर दिया, लेकिन बकाया रकम वापस नहीं की। शिकायत पर पिहोवा सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक बलविंद्र सिंह को सौंपी। बाद में मामले की जांच उपनिरीक्षक धर्मपाल को सौंपी गई।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।