चौथी व पांचवीं के बच्चों को हिंदी-मैथ में निपुण बनाएगा ‘प्रथम’

Students
सांकेतिक फोटो

सर्वे में खुलासा: नया सीखने की बजाए बच्चे पिछली कक्षाओं का याद किया भी भूले

  • सरकारी स्कूलों में 100 दिन चलेगा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। कोरोना महामारी के कारण लगभग दो साल तक स्कूलों के लगातार बंद रहने से बच्चों की सीखने की क्षमता पर गंभीर असर पड़ा है। (Government School) एजेंसियों की सर्वे रिपोर्ट के अनुसार बच्चे आॅनलाइन कक्षाओं में कुछ नया सीखने की बजाय अपनी पिछली कक्षाओं में जो सीखा था उसे भी भूल गए हैं। (Sirsa) प्राइमरी कक्षाएं इनमें सबसे ज्यादा प्रभावित मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें:– ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने वालों की अब खैर नहीं!

खासकर भाषा (हिंदी), गणित व अंग्रेजी में बच्चे काफी पिछड़े हुए है। इसलिए नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों की स्थिति को सुधारने के लिए जिला प्रशासन संजीदा हो गया है। इसी संबंध में जिला प्रशासन ने गैरसरकारी संगठन प्रथम के साथ एमओयू साइन किया है। जिसके तहत जिले के सभी सरकारी स्कूलों में 100 दिन का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलेगा। इसको लेकर 10 अपै्रल को अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें प्रशिक्षण को लेकर पूरी रूप-रेखा अख्तियार की जाएगी।

हिंदी व मैथ पर होगा फोकस

जिले में 522 प्राइमरी स्कूल हैं। जिनमें चौथी कक्षा में 12877 व पांचवीं कक्षा में 13723 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। पहली से तीसरी कक्षा के बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए निपुण भारत संस्था द्वारा कार्य किया जा रहा है। वहीं चौथी व पांचवीं कक्षा में विद्यार्थियों का लर्निंग लेवल सुधारने के लिए जिला प्रशासन ने प्रथम एनजीओ के साथ एमओयू साइन किया है। जिससे अब इन दोनों कक्षाओं में सर्वप्रथम हिंदी व गणित पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। इन विषयों में सुधार के पश्चात अंग्रेजी विषय पर कार्य होगा।

जिला प्रशासन ने प्रथम फाउंडेशन के साथ एमओयू साइन किया है। जिसके तहत अब फाउंडेशन की सहायता से चौथी व पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों का भाषा ज्ञान और गणित ज्ञान को मजबूत किया जाएगा। जल्द ही इस पर कार्य शुरू होगा।
                                                                                          – यश जालुका, प्रशिक्षणाधीन आईएएस।

प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर बच्चों को करेंगे शिक्षित

10 अपै्रल को प्रथम फाउंडेशन व शिक्षा विभाग के अधिकारियों व शिक्षकों की बैठक का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कार्यक्रम को लेकर रूप-रेखा तैयार की जाएगी। सबसे पहले जिले के करीब 50 जेबीटी अध्यापकों को प्रथम फाउंडेशन की ओर से मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके पश्चात मास्टर ट्रेनर अपने-अपने ब्लॉक में दो-दो जेबीटी अध्यापकों को प्रशिक्षण देंगे। स्कूलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम 100 दिन चलेगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।