हरियाणा की छोरियों ने फिर किया कमाल, कबड्डी में जीता गोल्ड

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। पंचकूला में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के दौरान हरियाणा की छोरियों लगातार कमाल कर रही हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र और हरियाणा के मध्य हुए लड़कियों के कबड्डी के फाइनल मैच में हरियाणा ने गोल्ड मेडल हासिल किया। हरियाणा की खिलाड़ियों ने शुरूआत से ही मैच को एक तरफा बनाए रखा और 48-29 के बड़े अंतर से महाराष्ट्र को मात दी। मैच के हाफ टाइम में हरियाणा का स्कोर 25 और महाराष्ट्र का 15 था तथा मैच की समाप्ति पर हरियाणा का स्कोर 48 तथा महाराष्ट्र 29 के स्कोर पर सिमटा गया।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के दौरान अब तक हरियाणा कुल 63 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। हरियाणा के खाते में 21 गोल्ड, 16 रजत और 26 कांस्य पदक आ चुके हैं। वहीं महाराष्ट्र भी 18 गोल्ड मेडल के साथ दूसरे नंबर पर बरकरार है।

लड़कों को रजत से करना पड़ा संतोष

लड़कों की कबड्डी के एक रोचक मुकाबले में हरियाणा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री कंवर पाल खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिए आए थे। खेल की निर्धारित 20-20 मिनट की दो पारियों में हरियाणा व हिमाचल प्रदेश की टीम 34-34 अंकों के साथ बराबर रही। नियमानुसार 5-5 रेड दोनों टीमों को दी गई। इसमें हरियाणा ने 5 अंक हासिल किए व हिमाचल प्रदेश ने छ: अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts