Sports News: संजय राणा के आखिरी समय के गोल से भारत ने मैच ड्रॉ कराया

संजय राणा के आखिरी समय के गोल से भारत ने मैच ड्रॉ कराया

Published On

आकलैंड। Sports News: शनिवार को ऑकलैंड के लॉयड एल्स्मोर हॉकी स्टेडियम में, भारत और मेजबान न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की 'शताब्दी हॉकी सीरीज' का दूसरा मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। भारत के लिए अंगद बीर सिंह (35वें मिनट) और संजय राणा (57वें मिनट) ने गोल किए, जबकि न्यूजीलैंड के लिए डायलन थॉमस (25वें मिनट) और सैम हिहा (56वें मिनट) ने गोल किए।

तीन मैचों की यह फ्रेंडली सीरीज गुरुवार को शुरू हुई थी और रविवार को समाप्त होगी। भारतीय हॉकी टीम ने पहला मैच 3-2 से जीता था, जिसमें उत्तम सिंह, शारदानंद तिवारी और संजय राणा ने गोल किए थे। भारत और न्यूजीलैंड (जिन्हें 'ब्लैक स्टिक्स' के नाम से भी जाना जाता है) रविवार को इसी मैदान पर सीरीज के आखिरी मैच में आमने-सामने होंगे।

न्यूजीलैंड ने डायलन थॉमस के गोल से खाता खोला, जिसके जवाब में अंगद बीर सिंह ने गोल करके भारत के लिए स्कोर बराबर कर दिया। विश्व रैंकिंग में 9वें स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड ने सैम हिहा के गोल से फिर से बढ़त बना ली। हालाँकि, हॉकी रैंकिंग में 8वें स्थान पर मौजूद भारत ने एक बार फिर वापसी की। कप्तान संजय राणा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मैच को 2-2 की बराबरी पर समाप्त कराया। अब रविवार को होने वाला आखिरी मैच तय करेगा कि सीरीज कौन जीतेगा।

भारत ने न्यूजीलैंड सीरीज के लिए 20 खिलाड़ियों की एक युवा टीम भेजी है, जिसकी कप्तानी पेरिस 2024 ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता संजय राणा कर रहे हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच हॉकी सीरीज दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने का जश्न मना रही है। इन संबंधों की शुरूआत 1926 में हुई थी, जब महान मेजर ध्यानचंद के नेतृत्व में भारतीय सेना की एक टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था। यह पहली बार था जब किसी भारतीय हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था। अभी चल रही इस सीरीज का आधिकारिक नाम '2026 इंडिया/न्यूजीलैंड सेंचुरी आॅफ स्पोर्टिंग यूनिटी इवेंट' रखा गया है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts