IIT Delhi News: आईआईटी दिल्ली के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से मचा हड़कंप
छात्र लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से गिर गया था, जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली। आईआईटी दिल्ली परिसर में सोमवार सुबह एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, छात्र लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से गिर गया था। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले के कारणों की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है। मृतक की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है। वह आईआईटी दिल्ली में एमएससी फिजिक्स के दूसरे वर्ष का छात्र था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। IIT Delhi News
सुबह मिली पुलिस को सूचना
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:33 बजे किशनगढ़ थाने को पीसीआर के माध्यम से सूचना मिली कि आईआईटी दिल्ली परिसर में एक छात्र इमारत से गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल छात्र को आईआईटी परिसर के अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। IIT Delhi News
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्र सुबह लगभग 8 बजे मुख्य द्वार से परिसर में प्रवेश किया था। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स पहुंचा और लिफ्ट के माध्यम से छठी मंजिल पर गया। पुलिस घटनाक्रम की पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस की जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश कुमार शिवालिक हॉस्टल से जुड़ा हुआ था और अपनी मां के साथ कैंपस के बाहर रह रहा था। घटना के संबंध में परिवार के सदस्यों से भी जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
क्राइम और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल को बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि गिरने से लगी चोटों के अतिरिक्त शरीर पर किसी अन्य प्रकार की स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
मृतक के पास से एक मोबाइल फोन मिला है, जिसकी फोरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस संस्थान से काउंसलिंग रिकॉर्ड सहित अन्य जरूरी जानकारी भी एकत्र कर रही है। पुलिस फिलहाल घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई। जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के सत्यापन के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। IIT Delhi News