हिसार के रेड स्क्वेयर मार्केट में होटल डिजायर में भीषण आग, कई घंटे बाद काबू

किचन से भड़की आग चौथी मंजिल तक पहुंची, एसी फटे—वाहन जले, महिला घायल

Sarvesh Kumar Picture
Published On

हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित चार मंजिला होटल डिजायर में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। आग होटल के किचन में शॉर्ट सर्किट से भड़की और देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में लेते हुए चौथी मंजिल तक पहुंच गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कमरों में लगे एसी फटने लगे। होटल स्टाफ और मौजूद ग्राहक तुरंत बाहर भागे और अपनी जान बचाई। इस दौरान होटल की पार्किंग में खड़े कई वाहन भी आग की चपेट में आ गए, जिन्हें बाद में लोगों ने हटाया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर आसपास की बिल्डिंगों को खाली करा लिया गया।

युवती को कंबल के सहारे बचाया, महिला घायल

आग के दौरान पास की इमारत में फंसी एक युवती को स्थानीय लोगों ने सड़क पर कंबल लगाकर दूसरी मंजिल से कूदकर सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, बचाव कार्य के दौरान ऊपर से गिरी ईंट पास के मकान में रहने वाली पुष्पा के सिर पर लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

होटल पूरी तरह जला, लाखों के नुकसान की आशंका

होटल मालिक रामपुर निवासी शुभम शर्मा के अनुसार, होटल में 15 कमरे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग में होटल पूरी तरह जल गया है और लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। एसआई रविंद्र ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।

सेवादार भी पहुंचे मदद को

आग की सूचना मिलते ही डेरा सच्चा सौदा की हिसार इकाई से शाह सतनाम सिंह ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादार भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।

Hisar
Hisar News: होटल में लगी आग को बुझाने में सहयोग करते सेवादार

About The Author

Related Posts