Punjab
Drinking Water Problem: सरसा में पीने के पानी को लेकर मची त्राहि-त्राहि! बिजली कटौती व नहरों में पानी की कमी है बड़ी वजह
परेशान नागरिक 1000 रुपये तक पानी का टैंकर लेने को मजबूर
Drinking Water Problem: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच सरसा जिला एक बार फिर गहरे पेयजल संकट की चपेट में आ गया है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार पहुंचने के साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नलों ने जवाब दे दिया है, जिससे आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। नहरों में पानी की कमी, बिजली कटौती और अव्यवस्थित पेयजल आपूर्ति ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
हालात ऐसे हैं कि लोग 800 से 1000 रुपये तक खर्च कर निजी टैंकरों से पानी मंगवाने को मजबूर हैं। सरसा शहर के कई वार्डों और गांवों में पेयजल संकट विकराल रूप ले चुका है। शहर के वार्ड 10, 11, 12, 17, 20 व 21 सहित अनेक क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित है, जिससे लोगों को पीने के पानी से लेकर दैनिक उपयोग तक के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जलघरों से पानी छोड़ा जाता है तो बिजली कट जाती है और जब बिजली आती है तो पानी की सप्लाई बंद हो जाती है। इस कारण मोटरों से पानी टंकियों में नहीं चढ़ पा रहा।
भाखड़ा बांध से आने वाली नहरों में पानी की कमी और नहर बंदी के कारण हालात और बिगड़ गए हैं। गांवों में महिलाएं दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं, जबकि शहरों में टैंकर माफिया सक्रिय होकर मनमाने दाम वसूल रहा है। लोगों ने प्रशासन से सरकारी टैंकरों की संख्या बढ़ाने, नहरों में पर्याप्त पानी छोड़ने तथा पेयजल व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत करने की मांग की है। पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीओ दीपक कुमार ने बताया कि मेरे संज्ञान में ये मामला आया है। इसका जल्द समाधान कर दिया है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर परेशानी उन क्षेत्रों में आ रही है, जहां ट्यूबवेलों से पानी की सप्लाई है।