पश्चिमी यमुना नहर से वृद्ध महिला का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर में शव बहता हुआ देखा
यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले में पश्चिमी यमुना नहर से एक अज्ञात वृद्ध महिला का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह मामला बुड़िया थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर में एक शव बहता हुआ देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और गोताखोरों की मदद से बुढ़िया पुल के समीप नहर से शव को बाहर निकाला गया। Yamunanagar News
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका की आयु लगभग 60 से 65 वर्ष के बीच अनुमानित की जा रही है। शव की स्थिति संदिग्ध होने के कारण मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि शव बिना वस्त्रों के मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। महिला के एक हाथ पर ‘ऊँ’ का चिन्ह अंकित मिला है।
इसके अलावा हाथों में कड़े और उंगलियों में अंगूठियां भी पाई गई हैं, जिनके आधार पर पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच अधिकारी जगदीप मोर ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि दादूपुर की ओर से नहर में शव बहता दिखाई दिया है। इसके बाद तत्काल बचाव दल और गोताखोरों को बुलाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर भेज दिया है। महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। Yamunanagar News