आवारा कुत्तों ने 5 साल की मासूम काे नाेचा, बच्ची गंभीर

फरीदाबाद शहर की ग्रीनफील्ड कॉलोनी का मामला

Manmohan Picture
Published On

फरीदाबाद। शहर की ग्रीनफील्ड कॉलोनी में आवारा कुत्तों के हमले से एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी कपिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 मई की रात उनकी बेटी लवण्या घर के बाहर खेल रही थी।

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली शैली उर्फ शैलजा विनायक द्वारा रखे गए कुत्तों ने बच्ची पर हमला कर दिया। बताया गया कि तीन कुत्तों ने बच्ची को घेर लिया और उसकी पीठ व कमर पर कई जगह काट लिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां तुरंत मौके पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से उसे कुत्तों से छुड़ाया। इसके बाद परिजन घायल बच्ची को उपचार के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया गया। मेडिकल जांच में बच्ची के शरीर पर कई चोटों की पुष्टि हुई है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित महिला ने गली में कई आवारा कुत्तों को पाल रखा है। कॉलोनी के लोगों ने पहले भी इस संबंध में आपत्ति जताई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आरोप यह भी है कि महिला पास के एक खाली प्लॉट में कुत्तों को रखती है और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार करती है। ग्रीनफील्ड चौकी पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts