MGNREGA Workers Accident: संगरूर में बेकाबू कार ने मनरेगा के 23 मजदूरों को कुचला, 8 की दर्दनाक मौत
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार
MGNREGA Workers Killed: जाखल/लहरागागा (तरसेम सिंह)। पंजाब में संगरूर जिले में गांव चोटियां और गांव अलीशेर के बीच लहरागागा-जाखल मुख्य मार्ग पर एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे काम कर रहे मनरेगा मजदूरों कुचल दिया। हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को करीब 23 महिला और पुरुष मनरेगा मजदूर सड़क के किनारे रोजाना की तरह अपना काम कर रहे थे। इसी दौरान जाखल रोड की तरफ से आ रही एक अत्यधिक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे काम कर रहे मजदूरों के के समूह में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कई मजदूर हवा में उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी लहरागागा और सुनाम के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल मजदूरों में से कुछ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसके कारण मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार का चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी है।