केंद्रीय राज्य मंत्री व परनीत कौर ने बाढ़ प्रभावित पटियाला का किया दौरा

Published On

ग्रामीणों की सुनी समस्याएं व हर संभव सहायता का दिया भरोसा

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: केन्द्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से ने पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर के साथ पटियाला जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने विशेष रूप से घनौर हलके के गांवों जिनमें जंड मंगोली, ऊंटसर, कामी खुर्द और चमारू में घग्गर नदी की बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने गांववासियों की परेशानियां सुनीं और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। खड़से ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी मंत्रियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों का व्यक्तिगत रूप से दौरा करने और लोगों की समस्याएं समझने के निर्देश दिए हैं, ताकि पंजाब को अधिकतम सहायता प्रदान की जा सके। Patiala News

उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के घरों को नुक्सान हुआ है, वे जिला प्रशासन के पास अपने विवरण जमा कराएं ताकि उचित मुआवजे की व्यवस्था की जा सके। राज्य मंत्री ने उप-मंडल मजिस्ट्रेट को सटीक और व्यापक सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि मुआवजा सीधे प्रभावित परिवारों तक पहुँच सके। उन्होंने यह भी कहा कि केन्द्र सरकार इस कठिन समय में पंजाब के साथ है। प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री हर समय पंजाब के साथ खड़े हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केन्द्र सरकार नुकसान का विस्तृत डाटा एकत्रित कर रही है और प्रभावित परिवारों व किसानों को हर संभव मुआवजा दिया जाएगा।

राहत व पुनर्वास कार्य पूरी तेजी से चल रहा: परनीत कौर

परनीत कौर ने बताया कि बाढ़ के कारण पटियाला जिले के 140 से अधिक गांव और लगभग 43,700 एकड़ उपजाऊ खेतीबाड़ी जमीन प्रभावित हुई है। उन्होंने रोजी-रोटी बहाल करने और लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए पुनर्वास प्रयासों की मांग की। दोनों नेताओं ने भरोसा दिया कि राहत एवं पुनर्वास कार्य पूरी तेजी से चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में केन्द्र सरकार और भाजपा पंजाब पूरी तरह से लोगों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता करेगी।

यह भी पढ़ें:– नाइजीरियन ड्रग तस्कर गिरफ्तार, कोकीन व एमडीएमए बरामद

About The Author

Related Posts