कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी को बनाया रिसीवर
खेत्रपाल मार्केट की विवादित दुकानों पर प्रशासन सख्त
हनुमानगढ़। टाउन स्थित खेत्रपाल मार्केट तहबाजारी में दुकानों के कब्जे को लेकर चल रहे विवाद को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। उपखण्ड अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट मांगीलाल सुथार ने आदेश जारी कर विवादित दुकानों को कब्जेराज लेकर टाउन पुलिस थाना प्रभारी को रिसीवर नियुक्त किया है। Hanumangarh News
जारी आदेश के अनुसार खेत्रपाल मार्केट की दुकान नम्बर 20, 21, 27, 28, 63 और 64 को लेकर पक्षकार जयकिशन तथा श्याम सुन्दर उर्फ सन्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। पुलिस रिपोर्ट में बताया गया कि इन दुकानों के कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी झगड़ा और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं तथा विभिन्न मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।
टाउन पुलिस थाना की रिपोर्ट के आधार पर उपखण्ड मजिस्ट्रेट ने माना कि दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है और कभी भी गंभीर घटना घटित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 164 एवं 165 के तहत कार्रवाई करते हुए विवादित दुकानों को कब्जे में लेने के आदेश जारी किए गए हैं। आदेश में थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे तुरंत विवादित दुकानों को अपने कब्जे में लेकर इसकी पालना रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करें। Hanumangarh News