विवाह समारोह में लाखों की नकदी व जेवरात से भरा बैग चोरी

Published On

Hanumangarh Theft Case: हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान अज्ञात व्यक्ति की ओर से नकदी व सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर टाउन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सेक्टर नम्बर 6, चूना फाटक के पास, जंक्शन निवासी सुदेश गोयल (58) पुत्र गुगनमल गोयल ने थाना में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र कुनाल गोयल का विवाह समारोह 21 फरवरी को टाउन स्थित राजवी पैलेस में आयोजित था। समारोह में रिश्तेदारों, परिचितों एवं मेहमानों की बड़ी संख्या में मौजूदगी थी। Hanumangarh News

रात 12 से 1 बजे के बीच मैरिज पैलेस से घटना, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच शुरू

रिपोर्ट के अनुसार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच वे मैरिज पैलेस की गैलरी में बने स्वागत द्वार के पास खड़े होकर मेहमानों का स्वागत कर रहे थे। इसी दौरान उनका एक बैग सोफासेट पर रखा हुआ था। कुछ समय बाद जब उन्होंने बैग की ओर ध्यान दिया तो वह वहां से गायब मिला। आसपास तलाश करने पर भी बैग का कोई पता नहीं चला। प्रार्थी ने बताया कि बैग में करीब दो लाख रुपए नकद राशि लिफाफों में पैक कर रखी गई थी। इसके अलावा 10, 20, 50 और 100 रुपए के नोटों की नई-नई गड्डियां भी बैग में थीं। साथ ही एक सोने का मंगलसूत्र, दो जोड़ी चांदी की पायजेब (चुटकी) तथा 20 ग्राम और 10 ग्राम वजन के दो चांदी के सिक्के भी रखे हुए थे।

घटना की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है, जिससे संदिग्ध व्यक्ति की पहचान में सहायता मिल सकती है। घटना के बाद समारोह स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित पक्ष की ओर से अपने स्तर पर भी खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद थाना में मामला दर्ज करवाया गया। थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक कमलजीत सिंह को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही आरोपित की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

बस स्टैंड पर दिनदहाड़े पर्स चोरी, आईफोन व सोने की चेन ले उड़ी संदिग्ध महिलाएं | Hanumangarh News

हनुमानगढ़। पीलीबंगा के नए बस स्टैंड पर दिनदहाड़े एक महिला का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब महिला राजस्थान रोडवेज की बस में सवार हो रही थी। पर्स में मोबाइल फोन, सोने की चेन और नकदी रखी हुई थी। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड 15 डबलीवास मौलवी डबलीराठान निवासी पुष्पा (39) पत्नी पवन शर्मा ने पुलिस थाना पीलीबंगा में लिखित रिपोर्ट पेश की।

रिपोर्ट के अनुसार 28 फरवरी को सुबह लगभग 11 से 11:30 बजे के बीच वह नया बस स्टैंड पीलीबंगा से हनुमानगढ़ जाने के लिए राजस्थान रोडवेज बस में चढ़ रही थीं। इसी दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका सफेद रंग का पर्स चोरी कर लिया। चोरी हुए पर्स में आईफोन, लगभग 1 तोला वजनी सोने की गले की चेन तथा 800 रुपए नकद थे। घटना के बाद महिला ने बस में बैठी सवारियों से पूछताछ की तो कुछ यात्रियों ने बताया कि बस में दो महिलाएं अचानक चढ़ीं और तुरंत उतर गईं।

यात्रियों के अनुसार उनके हाथ में सफेद रंग का पर्स देखा गया था, जो प्रार्थीया के पर्स से मिलता-जुलता था। प्रार्थीया ने रिपोर्ट में गीता बावरी निवासी हांसलिया तथा पपुड़ी निवासी 34 एसटीजी नामक दो महिलाओं पर संदेह व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि ये महिलाएं पहले भी बसों में चोरी की घटनाओं में संदिग्ध रही हैं। पुलिस थाना पीलीबंगा ने रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक बलतेज सिंह को सौंपी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध महिलाओं की तलाश में जुट गई है। बस स्टैंड और बस मार्ग पर भी जांच की जा रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts