हनुमानगढ़: एटीएम से रुपए चुराने वाले गिरोह के छह सदस्य दबोचे

Published On

हनुमानगढ़। गांव गुरुसर मोडिया में एटीएम से रुपए चुराने की फिराक में घूम रहे गिरोह के छह सदस्य गुरुवार रात्रि को गोलूवाला पुलिस थाना अधीन आने वाली कैंचियां पुलिस चौकी के हत्थे चढ़ गए। गिरोह सदस्यों को चौकी प्रभारी एएसआई कृष्ण सारस्वत ने टीम सहित दबोचा। इनमें दो दम्पती शामिल है। एटीएम से रुपए चुराने वाले इस गिरोह के सदस्यों के पास से 2 सिलेंडर, इनमें एक एलपीजी व दूसरा ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, चाकू, छुरी, लोहे की रॉड, एक थ्री व्हीलर बरामद हुआ है। इस बड़ी कार्रवाई में चार व्यक्ति व दो महिलाओं को पुलिस ने राउंडअप किया। पूछताछ के बाद गोलूवाला पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान संदीप (20) पुत्र विजय शर्मा निवासी परशुराम नगर पीएस कैनाल बठिंडा, जगजीत उर्फ आशु पुत्र गुरमीत मजहबी निवासी मानसा पंजाब, राजविन्द्र उर्फ राजवीर (20) पुत्र मेजरसिंह मजहबी निवासी बल्लुआना पीएस कैनाल बठिंडा, अनमोल (20) पुत्र विजय गोयल निवासी बठिंडा, अंजली उर्फ आलिया खान पत्नी जगजीत उर्फ आशु, नेहा पुत्री रमेश धानक पत्नी राजविन्द्र उर्फ राजवीर के रूप में हुई।

 गोलूवाला थाना अधीन कैंचियां चौकी पुलिस की कार्रवाई

सभी अव्वल दर्जे के नशेड़ी बताए जाते हैं और चिट्टा सेवन के आदी हैं। गिरोह सदस्यों पर अलग-अलग पुलिस थानों में मुकदमे दर्ज हैं। ये काफी समय से चोरी-लूटपाट की वारदातें कर रहे थे। गिरोह का एक सदस्य हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ है। जबकि एक जने पर एटीएम लूट के करीब 8-10 मुकदमे दर्ज हैं। एक महिला पर एनडीपीएस के आरोप में मामला दर्ज है। बताया जा रहा है कि गिरोह के सभी सदस्य गुरुवार रात्रि को गांव गुरुसर मोडिया में एटीएम मशीन तोडऩे की फिराक में थे कि वारदात से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इन्होंने कैंचियां में भी गैस वेल्डिंग की दुकान में चोरी की थी। वहीं गत दिनों चूनावढ़ थाना क्षेत्र के तातारसर गांव में एटीएम चोरी का प्रयास किया था। इन्होंने पदमपुर में एक गैस वेल्डिंग की दुकान तोड़कर वहां से कटर, सिलेंडर आदि सामान चुराया। इनसे पुलिस को एक मल्टीपर्पज स्प्रे भी मिली है जिन्हें यह एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों के ऊपर चढ़ाकर उन्हें ब्लैक रंग का कर देते थे ताकि इनकी गतिविधियों का रिकॉर्डिंग न हो सके। पुलिस गिरोह सदस्यों से कड़ाई से पूछताछ में जुटी हुई है। पूछताछ में इनसे कई बड़े मामलों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts