केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी मेघालय की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना, कृषि योजनाओं की करेंगे समीक्षा

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

Bhagirath Choudhary Meghalaya Visit: शिलांग (मेघालय)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी लखनऊ प्रवास के पश्चात शनिवार सुबह सीधे दो दिवसीय मेघालय दौरे के लिए रवाना हो गए। कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने 24 अप्रैल को लखनऊ में आयोजित क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन (उत्तर क्षेत्र) में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ सहभागिता की थी, जिसमें विभिन्न राज्यों के कृषि विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ। Bhagirath Choudhary News

शनिवार सुबह लखनऊ से प्रस्थान कर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी आज सुबह हवाई मार्ग से गुवाहाटी के लिए रवाना हुए। जहां से सड़क मार्ग द्वारा मेघालय के ईस्टर्न वेस्ट खासी हिल्स जिले के दौरे पर आगे बढ़ेंगे। पूर्वोत्तर प्रवास के दौरान भागीरथ चौधरी मैरांग एवं नोंगशिलोंग क्षेत्र में किसानों, लाभार्थियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक एवं संवाद करेंगे। साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं की जमीनी स्तर पर समीक्षा, एनएचएआई/रेलवे सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण तथा किसानों से प्रत्यक्ष फीडबैक प्राप्त करेंगे। शाम को शिलांग में प्रेस वार्ता भी आयोजित की जाएगी।

मोदी सरकार की पूर्वोत्तर भारत में खेती किसानी को प्राथमिकता के तहत विभिन्न कार्यक्रमों में करेंगे सहभागिता

दूसरे दिन 26 अप्रैल को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी कृषि विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों का दौरा करेंगे तथा किसानों एवं एफपीओ (FPOs) के साथ संवाद स्थापित करेंगे। इस दौरान प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा। तत्पश्चात वे गुवाहाटी से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी किसानों की उन्नति एवं कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार देश के विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहे हैं। वे केंद्र सरकार की कृषि एवं किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जमीनी स्तर पर समीक्षा कर रहे हैं और किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्यरत हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में कृषि विकास, प्राकृतिक खेती और किसानों की आय वृद्धि को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। इसी दृष्टि से केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के पूर्वोत्तर राज्यों के नियमित दौरे हो रहे हैं, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके और क्षेत्र के किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके। यह दौरा पूर्वोत्तर भारत में कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। Bhagirath Choudhary News

About The Author

Related Posts