नहर किनारे नशीली दवाइयों के साथ युवक गिरफ्तार
टाउन पुलिस की कार्रवाई, 600 कैप्सूल-गोलियां बरामद
हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित कैप्सूल और गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, एएसआई सत्यनारायण मय जाप्ता गश्त के दौरान दोपहर करीब 2.27 बजे रावतसर मेगा हाइवे से राधा स्वामी डेरा बाइपास मार्ग स्थित एचएमएच नहर पुल के पास पहुंचे। Hanumangarh News
इस दौरान नहर पटरी पर एक व्यक्ति काले रंग की थैली लिए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया, जो पुलिस वाहन को देखकर तेजी से जाने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे काबू कर पूछताछ की, उसने अपना नाम कृष्णलाल (38) पुत्र बलवंतराय सुथार निवासी वार्ड नम्बर 31, इन्द्रा कॉलोनी, गली नम्बर 4, टाउन बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैली से प्रेगाबलिन 300 एमजी के 20 पत्ते (कुल 200 कैप्सूल) तथा टेपेंटाडोल 100 एमजी के 40 पत्ते (कुल 400 गोलियां) बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि ये दवाइयां नशे के रूप में इस्तेमाल होती हैं। आरोपी से इन दवाइयों के संबंध में लाइसेंस, परमिट या डॉक्टर की पर्ची मांगी गई, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।
उल्लेखनीय है कि जिला कलेक्टर के आदेशानुसार इन दवाइयों की बिना अनुमति बिक्री व कब्जा प्रतिबंधित है। पुलिस ने सभी दवाइयों को जब्त कर नियमानुसार सील किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच एएसआई उम्मेदराम को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह यह नशीली दवाइयां कहां से लाया और किसे सप्लाई करने वाला था। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई सत्यनारायण, कांस्टेबल संजय कुमार, पवन कुमार और रविदर्शन शामिल रहे। Hanumangarh News
About The Author