संदिग्ध परिस्थितियों में घर में लगी आग, महिला झुलसी, दो बच्चियों की मौत
कस्बे के मोहल्ला आलदरमियान में हुई ह्रदय विदारक घटना, पुलिस ने मृतक बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना के मोहल्ला आलदरमियान में संदिग्ध परिस्थितियों में मकान में आग लगने से एक महिला गम्भीर रूप से झुलस गई, जबकि महिला की दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दोनों बालिकाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं, पुलिस मामले में पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या का प्रयास करने समेत विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।
कस्बे के मोहल्ला आलदरमियान निवासी जसविंदर उर्फ जस्सी पानीपत(हरियाणा) की अनाज मंडी में रेहड़ी-ठेली लगाकर फल-सब्जी आदि बेचने का काम करता है। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे उसके मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिसमें जसविंदर की पत्नी अनिता(35) गम्भीर रूप से झुलस गई, जबकि पुत्री वंदना(6) व जसप्रीत(2) की मौत हो गई। घर से उठते धुएं व शोर-शराबे को सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस रिस्पांस व्हीकल(पीआरवी) पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा आग में झुलसी महिला व दोनों मासूमों को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने वंदना और जसप्रीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनिता को गम्भीर अवस्था में उपचार हेतु हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
महिला का मेरठ के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर सीओ कैराना हेमंत कुमार व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने मोहल्ले में पहुंचकर घटना की जानकारी हासिल की। उन्होंने महिला की सास से भी घटना के सम्बन्ध में पूछताछ की। मृतक बालिकाओं के शरीर पर झलुसने के कोई निशान नही है, जिसके चलते यह स्पष्ट नही है कि बच्चियों की मौत दम घुटने से हुई है अथवा महिला ने गृह क्लेश के चलते कोई भयावह कदम उठाया है। मामले को लेकर मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है। कुछ लोग महिला के आत्महत्या किये जाने के उद्देश्य से प्लास्टिक की चारपाई पर बैठकर खुद को आग लगाने की बात कह रहे है, जबकि कुछ लोगो ने आग लगाने से पहले महिला के स्वयं को पंखे से लटकाने का प्रयास करने की बात भी कही है।
पुलिस ने मृतक बच्चियों के शवों को पंचायतनामा भरने के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि मोहल्ला आलदरमियान में आग से झुलसी एक महिला को उपचार के लिए चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर किया है। घर से दो छोटी बच्चियों के शव भी बरामद हुए है, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया महिला द्वारा आग लगाकर आत्महत्या किये जाने के प्रयास से हादसा होना प्रतीत हो रहा है। प्रत्येक बिंदु पर गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, फॉरेंसिक टीम ने भी एकत्र किए साक्ष्य
मोहल्ला आलदरमियान में महिला के झुलसने व दो बच्चियों की मौत की सूचना में पुलिस महकमें में भी हलचल मच गई, जिस पर सीओ कैराना हेमंत कुमार व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। उन्होंने उच्चाधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया। घटना को गम्भीरता से लेते हुए एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने भी मोहल्ले में पहुंचकर पूरे प्रकरण की जानकारी हासिल की। उन्होंने मातहतों को पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल करने के निर्देश दिए है। एसपी व सीओ ने सीएचसी पहुंचकर भी चिकित्सकों से झुलसी महिला व दोनों मृत बच्चियों के बारे में जानकारी प्राप्त की है। बाद में फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
अनिता की जसविंदर से हुई है दूसरी शादी
संदिग्ध परिस्थितियों में आग में झुलसी महिला का मायका जनपद बागपत के कंडेरा गांव में बताया जा रहा है। जसविंदर से अनिता की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी। इससे पहले अनिता की शादी हरियाणा के पानीपत में हुई थी। जहां पर उसे बेटी वंदना हुई थी। अनिता जसविंदर से शादी के दौरान वंदना को अपने साथ लेकर आई थी। गुरुवार को दुर्भाग्य से मासूम वंदना असमय मौत के मुंह में समा गई। जसविंदर से शादी के बाद अनिता ने बेटी जसप्रीत को जन्म दिया था, जिसकी गुरुवार को मौत हो गई।
बताया गया है कि जसविंदर की भी यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है, जिससे उसके एक पुत्र व पुत्री है। गुरुवार को घटना के समय जसविंदर का पुत्र स्कूल गया था, जबकि बेटी ननिहाल में रह रही है। बताया जा रहा है कि जसविंदर रोजाना सुबह पानीपत अनाज मंडी के लिए चला जाता है। गुरुवार को भी वह अपने काम पर गया था। महिला के आग से झुलसने व दोनों बच्चियों की मौत से मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।