प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि भी चुनावी स्टंट साबित हुआ : दानिश

Published On

नई दिल्ली (एजेंसी)। बहुजन समाज पार्टी के नेता और सांसद कुंवर दानिश अली ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना मात्र चुनावी स्टंट साबित हुआ, क्योंकि इसके लाभार्थियों में 50 प्रतिशत की गिरावट आई है। अमरोहा से लोकसभा सांसद अली ने ट्वीट कर कहा कि किसान सम्मान निधि के सरकारी आंकड़े मोदी सरकार की कथनी और करनी के अंतर को दर्शाते हैं। भारी शोर शराबे के साथ शुरू की गई किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की संख्या में 50 प्रतिशत की गिरावट आ गई है।

यह योजना भी 2019 का चुनाव जीतने का स्टंट मात्र निकला। यह भी वैसा ही निकला जैसा दो करोड़ रोजगार प्रति वर्ष देने का वादा था। उन्होंने हापुड़ जनपद में कृषि सम्मान निधि के लाभार्थियों के आंकड़े भी ट्वीट किए हैं। इन आंकड़ों के अनुसार हापुड़ जनपद में पंजीकृत कृषकों की संख्या 1,27,292 है। किसान सम्मान निधि की पहली किश्त 116104 किसानों को मिली। दूसरी किस्त में 112832 को, तीसरी किस्त में 110882, चौथी किस्त 100614, पांचवीं किस्त 96959, छठी किश्त 80026 और सातवीं किश्त में 64643 किसानों योजना का लाभ मिला। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शुरूआत दो साल पहले की गई थी।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts