गणित में पिछड़ रहे विद्यार्थी!

CBSE Teachers

जोड़, घटा, गुणा व भाग में पारंगत बनाने के लिए अब होगी गिनती और पहाड़ों की प्रतियोगिता

  • छात्रों के साथ शिक्षक भी दिखाएंगे प्रतियोगिता में दम, अक्तूबर से होगी शुरू

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। विगत वर्षों के दौरान सरकारी विद्यालयों में पहाड़ों पर विशेष ध्यान नहीं देने के कारण विद्यार्थी मेंटल मैथ और वैदिक मैथ जैसे कौशल में निरंतर पिछड़ रहे है। जबकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की अनुपालना में पाठ्यक्रम में अनेक बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में राज्य के सरकारी प्राइमरी स्कूलों में शिक्षा विभाग ने पहली से पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए गिनती और पहाड़ों की प्रतियोगिता कराने का फैसला लिया है। ये प्रतियोगिताएं कक्षावार स्कूल से राज्यस्तर पर होंगी।

वहीं विभाग ने प्रतियोगिता की तैयारी के लिए स्कूलों को 16 अक्तूबर तक का समय दिया गया है। प्रार्थना सभा के बाद व छुट्टी होने से पहले विद्यार्थियों के समूह बनाकर तैयारी कराई जाएगी। तैयारी को लेकर वीडियो भी स्कूलों को उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग द्वारा जारी शैड्यूल के मुताबिक प्रतियोगिता अक्टूबर में शुरू होकर दिसंबर के अंत तक चलेगी। इसको लेकर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, डाइट प्राचार्य व खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर प्रतियोगिता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए है।

यह भी पढ़ें – सरसा में पांच परीक्षा केंद्रों पर होगी दसवीं-बारहवीं की पूरक परीक्षा

यह होगा फायदा

जोड़, घटा, गुणा व भाग में पारंगत होने के लिए गिनती और पहाड़ों का ज्ञान अति आवश्यक है। ऐसे में स्कूल शिक्षा निदेशालय फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) में प्रारंभिक कक्षा पहली से पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए संख्यात्मका में बढ़ावा देने की खातिर गिनती और पहाड़े प्रतियोगिता करवा रहा है। इस प्रतियोगिता से विद्यार्थी गिनती और पहाड़ों में दक्ष बनेंगे। प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञ समूह से लेकर आयोजन समूह तक निर्धारित किए गए हैं।

अध्यापकों की प्रतियोगिता

कलस्टर अपने पांच अध्यापकों का चयन करके खंड स्तर पर भेजेगा। खंड स्तरीय प्रतियोगिता में उच्च अंक पाने वाले पांच अध्यापक जिला स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिला स्तर पर भी पांच अध्यापकों का चयन करके राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। पुरस्कार की राशि बाल गीत प्रतियोगिता के समान ही होगी।

प्रत्येक कक्षा से कम से कम 3 विद्यार्थी का भाग लेना जरूरी

प्रत्येक स्कूल प्रत्येक कक्षा से कम से कम 3 विद्यार्थियों के नाम इस प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु अपने कलस्टर को प्रस्तुत करेगा। इसमें स्कूल स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन करके ही विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। स्कूल स्तर पर चयनित इन विद्यार्थियों के स्टाप वॉच की सहायता से समय जांचकर पूरी तैयारी तथा उसका वीडियो कलस्टर पर बीआरपी/एबीआरसी के माध्यम से सीआरसी को भेजा जाएगा।

प्रतियोगिता के लिए कक्षावार पहाड़ों व गिनती की दक्षता

  • कक्षा पहली: 1 से 100 तक सीधी व 100 से 1 तक उल्टी गिनती और 2 से 5 तक पहाड़े
  • कक्षा दूसरी: 1 से 100 तक सीधी व 100 से 1 तक उल्टी गिनती और 1 से 10 तक पहाड़े
  • कक्षा तीसरी: 100 से 1 तक उल्टी गिनती, 6 से 20 तक पहाड़े और 2 से 10 तक के वर्ग
  • कक्षा चौथी: 11 से 30 तक पहाड़े, 2 से 20 तक के वर्ग और 1 से 100 तक सम संख्याएं
  • कक्षा पांचवी: 11 से 40 तक पहाड़े, 2 से 30 तक के वर्ग, 1 से 100 तक सम और विषम।
  • अध्यापक वर्ग के लिए: 11 से 40 तक पहाड़े, 2 से 40 तक वर्ग और 1 से 100 तक सम और विषम संख्याएं

यह मिलेगा पुरस्कार

     स्तर                    पुरस्कार

  • कलस्टर            प्रमाण पत्र व प्रशंसा पत्र
  • खंड स्तर           प्रमाण पत्र व प्रशंसा पत्र
  • जिला स्तर          500 रुपये व प्रमाण पत्र
  • राज्य स्तर          1100 रुपये व प्रमाण पत्र

प्रतियोगिता की समय सारिणी

    स्तर                  तिथियां

  • स्कूल स्तर        अक्टूबर, 2022
  • कलस्टर          2 से 14 नवंबर तक
  • खंड               22 से 30 नवंबर तक
  • जिला             1 से 15 दिसंबर तक
  • राज्य             16 से 31 दिसंबर तक

विभाग जारी करेगा फंड

विद्यार्थियों व अध्यापकों में प्रतियोगिता कराने के लिए विभाग कलस्टर, खंड व जिला स्तर के लिए फंड उपलब्ध कराएगा। कलस्टर स्तर पर 2000, खंड स्तर पर 10 हजार व जिला स्तर पर प्रतियोगिता के लिए 30 हजार रुपये का फंड जारी किया जाएगा। प्रदेश में 1415 कलस्टर, 119 खंड व 22 जिले हैं।


गणित में विद्यार्थियों को पारंगत बनाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से अक्तूबर महीने से गिनती और पहाड़ों की प्रतियोगिता कराई जा रही है। जिसमें छात्रों के साथ-साथ शिक्षक भी भाग लेंगे। स्कूल स्तर पर प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर खंड शिक्षा अधिकारियों व स्कूल इंचार्जो को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए है।
– संतकुमार बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी सरसा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।