संसद का सर्वाधिक इस्तेमाल देश हित में होना चाहिए: पीएम

Narendra Modi
कानूनों का मसौदा आसान भाषाओं में तैयार करना सरकार का प्रयास: मोदी

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश के विकास में वर्तमान दौर का विशेष महत्व है इसलिए संसद सत्र का अधिकतम इस्तेमाल राष्ट्रहित के कार्यों के लिए होना चाहिए। मोदी ने सोमवार को संसद के मानसून सत्र के आरंभ होने से पहले संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि वर्तमान अवधि देश के लिए महत्वपूर्ण है। यह आजादी के अमृत महोत्सव का दौर है और 15 अगस्त के बाद से आने वाले 25 वर्षों का देश के लिए विशेष महत्व है क्योंकि राष्ट्र 25 साल बाद आजादी की पहला शताब्दी वर्ष मनाएगा और देश के लिए यह हमारी यात्रा और नई मंजिल तय करने के संकल्प का समय होगा।

उन्होंने इस दौर को महत्वपूर्ण बताया और कहा, ”मैं सांसदों से आग्रह करूँगा कि सत्र के दौरान सदन में गहन और उत्तम चर्चा हो। सदन को हम ज्यादा प्रोडक्टिव बना सकें इसके लिए सबका प्रयास हो। सभी के प्रयास से सदन चलता है इसलिए सदन की गरिमा बनाये रखने के लिए सभी अपने कर्तव्यों का निर्वाह करें।” मोदी ने मानसून को विशेष महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस सत्र का राष्ट्रहित में ज्यादा उपयोग होना चाहिए।

आजादी के लिए जिन देशभक्तों ने अपनी जवानी खपाई और जिंदगी जेलों में काटी उनके सपनों को याद रखते हुए सदन का सर्वाधिक इस्तेमाल देशहित के लिए करने की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह सत्र इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी दौरान राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के चुनाव हो रहे हैं। राष्ट्रपति पद के लिए आज मतदान हो रहा है। इसी कालखंड में नये राष्ट्रपति और नये उपराष्ट्रपति का देश को मार्गदर्शन मिलना प्रारंभ हो जाएगा।

राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटिंग जारी, मोदी ने किया मतदान

भारत के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन परिसर में बने मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर दिया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंध (राजग ) की ओर से द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं। इसके लिए देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से निर्वाचित सांसद और विधायक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कुल मतों की संख्या 4800 है। नतीजे 21 जुलाई को आएंगे। राष्ट्रपति के चुनाव में राजग उम्मीदवार मुर्मू की जीत तय मानी जा रही है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।