पटियाला में दो युवकों की हत्या, एक को मारी गोलियां, दूसरे को चाकू घोंपा

Two youths killed sachkahoon

पहली वारदात पंजाबी यूनिवर्सिटी के नजदीक व दूसरी माता काली मंदिर के नजदीक घटी

  • आरोपी पुलिस की पहुंच से बाहर, पुलिस ने किया मामला दर्ज

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर तूर)। प्रदेश में आए दिन क्राइम बढ़ रहा है। जिला पटियाला में दो विभिन्न घटनाओं में दो युवकों की हत्या (Two Youths Killed) कर दी गई है। पुलिस ने इन घटनाओं संबंधी मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। पहली घटना के अनुसार श्री काली माता मंदिर में माथा टेकने आए युवक का मंदिर के नजदीक युवकों ने चाकू मारकर कत्ल कर दिया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय प्रितपाल सिंह निवासी दशमेश नगर त्रिपड़ी के रूप में हुई है।

घटना बुधवार सुबह करीब छह बजे हुई थी, जिसकी सूचना मिलने के बाद थाना लाहौरी गेट पुलिस टीम, डीएसपी सिटी वन व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव कब्जे में लेने के बाद राजिंदरा अस्पताल में भिजवाया। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपते हुए थाना लाहौरी गेट पुलिस ने कत्ल के आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना लाहौरी गेट के इंचार्ज गुरप्रीत समराओ ने कहा कि कत्ल की वजह फिलहाल पता नहीं चल पाई है, आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पूरा मामला क्लियर होगा।

मृतक के पिता कर्मजीत सिंह ने बताया कि वह समाना में काम से गए हुए थे। घर पर छोटा बेटा बलजीत सिंह व बड़ा बेटा प्रितपाल सिंह थे। प्रितपाल त्रिपड़ी इलाके में रेहड़ी पर काम करता था, जो बुधवार सुबह करीब पांच बजे श्री काली माता मंदिर में माथा टेकने जाने का कहकर घर से निकला था। जिसके बाद उसकी हत्या के बारे में परिवार को पता चला। कुछ लोगों ने बताया कि चार से पांच युवक गली की तरफ गए थे। जहां पर बाद में इन युवकों ने अपने साथ खड़े युवक को ही चाकू मार (Two Youths Killed) दिया और मौके से पैदल ही फरार हो गए थे।

पिता बोले-प्रापर्टी के लिए कत्ल का शक

पिता कर्मजीत सिंह ने बताया कि उसे शक है कि बेटे को कत्ल करने के लिए पूरी योजना बनाई गई है। प्रापर्टी को लेकर उसका रिश्तेदारों के साथ झगड़ा चल रहा है और पहले भी हमले हो चुके हैं। ऐसे में बेटे को भी जायदाद की खातिर मरवाया गया है, पुलिस को भी इसके बारे में जानकारी दे दी है।

कबड्डी खिलाड़ी पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां

दूसरी घटना के अनुसार पटियाला में एक कबड्डी खिलाड़ी की मंगलवार देर रात को हत्या कर दी गई। मरने वाले की पहचान धर्मेंद्र सिंह के रूप में हुई जो धौनकलां गांव का रहने वाला था। धर्मेंद्र सिंह अपने कबड्डी क्लब का प्रधान था और उसका क्लब हर साल कबड्डी टूनार्मेंट करवाता था। धर्मेंद्र सिंह खेतीबाड़ी करने के अलावा जिम भी चलाता था। उसे मंगलवार रात साढ़े 10 बजे पंजाबी यूनिवर्सिटी के पीछे पेट्रोल पंप के पास ताबड़तोड़ गोलियां मार दी गर्इं। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र की कुछ लड़कों से रंजिश चल रही थी।

मंगलवार रात को यही युवक मोटरसाइकिलों पर आए और पेट्रोल पंप के पास धर्मेंद्र को गोलियां मारकर फरार हो गए। धर्मेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने वारदात के वीडियो के आधार पर केस दर्ज करके जांच की जा रही है। धर्मेंद्र के भाई ने हत्या किए जाने की शिकायत तो दर्ज कराई है। पटियाला के एसपी सिटी हरपाल सिंह ने कहा कि इस वारदात के सिलसिले में 4 लोगों को राउंडअप किया गया है। हर एंगल से केस की जांच की जा रही है। आरोपी जल्दी ही गिरफ्त में होंगे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।