पीएम मोदी से सुरक्षित वापिसी की अपील
अनूपगढ़ (सच कहूँ/नरेन्द्र भोजक)। अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने भारत आ रहे लाइबेरिया फ्लैग वाले कंटेनर शिप ‘एपामिनोडेस’ को रोककर अपने कब्जे में ले लिया है। ईरान का आरोप है कि जहाज बिना अनुमति स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहा था, जबकि जहाज पर मौजूद क्रू का कहना है कि वे परमिशन का इंतजार कर रहे थे। इस जहाज में राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सद्भावना नगर निवासी मर्चेंट नेवी के वाइस कैप्टन संजय माहर (38) भी सवार हैं। संजय ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे जैसे ही जहाज होर्मुज स्ट्रेट पार करने लगा, तभी ईरानी बलों की ओर से फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग के बाद जहाज पर मौजूद सभी 21 क्रू मेंबर्स सुरक्षित स्थान पर चले गए। क्रू में फिलीपींस, यूक्रेन, श्रीलंका और भारत के सदस्य शामिल हैं। Sri Ganganagar News
वाइस कैप्टन संजय का वीडियो आया सामने
संजय ने जहाज के अंदर का एक वीडियो भी साझा किया है, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। संजय माहर पिछले 15 वर्षों से मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। वे 7 अप्रैल को अपने घर श्रीगंगानगर से सऊदी अरब के लिए रवाना हुए थे और 8 अप्रैल को वहां जॉइनिंग की थी। वापसी के दौरान यह घटना घटित हुई। जहाज को गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंचना था, लेकिन उससे पहले ही यह कार्रवाई हो गई। जानकारी के अनुसार, जहाज 3-4 दिनों से होर्मुज स्ट्रेट के बाहर खड़ा था और अनुमति मिलने का इंतजार कर रहा था। संजय के पिता ओमप्रकाश माहर ने चिंता व्यक्त करते हुए राजस्थान सरकार और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि जहाज पर मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किए जाएं। परिवार इस घटना के बाद बेहद चिंतित है। ईरानी नौसेना का कहना है कि जहाज के नेविगेशन सिस्टम में छेड़छाड़ की गई थी, जिससे समुद्री सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ। इसी आधार पर आईआरजीसी ने जहाज को इंटरसेप्ट कर अपने कब्जे में लिया और उसे ईरानी तट की ओर ले जाया गया। इस घटना को लेकर श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहानी ने भी केंद्र और राज्य सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि सभी क्रू मेंबर्स की जल्द सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित हो सके। Sri Ganganagar News















