हमसे जुड़े

Follow us

29.5 C
Chandigarh
Friday, April 24, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा किसानों के रो...

    किसानों के रोष की भेंट चढ़ा भाजपा का त्रिदेव सम्मेलन

    BJP's Tridev Conference sachkahoon

    भाजपा नेताओं ने बताया सफल रही मीटिंग

    • बुजुर्गों की पगड़ियां नीचे गिरने पर फूटा गुस्सा

    सच कहूँ/संदीप सांतरे, बराड़ा। शुक्रवार को बराड़ा में किसान यूनियन चढूनी गु्रप के अम्बाला के प्रधान मनकीत सिंह के नेतृत्व में किसान संगठनों व पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। बराड़ा के बंसल पैलेस में भाजपा का त्रिदेव सम्मेलन होना था, जिसमें कृषि मंत्री ओ.पी. धनखड़ व अम्बाला सांसद रत्न लाल कटारिया शिरकत करने वाले थे। जैसे ही ये सूचना किसानों को मिली तो दोपहर लगभग 12 बजे भारी संख्या में किसान बंसल पैलेस के बाहर पहुंच गए और भाजपा विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। इस मौके पर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे और हरियाणा पुलिस के साथ-साथ आरपीएफ की टुकड़ी व वाटर कैनन की गाड़ियां भी मंगवाई हुई थी।

    शुरूआत में धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन देखते ही देखते प्रर्दशन ने रौद्र रूप धारण कर लिया और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए वाटर कैनन व लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। इस दौरान धक्का-मुक्की में कुछ बुजुर्गों की पगड़ी नीचे गिर गई, जिससे किसानों में रोष पनप गया। बीच-बचाव के बाद बड़ी मुश्किल से किसानों को शांत किया गया और शांतिपूर्ण धरने की अनुमति दी गई। किसान लगभग 5 बजे तक धरने पर बैठे रहे और आखिर में मुलाना के पूर्व विधायक राजबीर सिंह बराड़ा का पुतला फूंकने के बाद धरना समाप्त किया गया। इस दौरान बलजिन्द्र सिंह चुड़ियाला, अमरजीत सिंह मोहड़ी, जय सिंह जलबेड़ा, रोहित होली, लाभ सिंह, विक्रम वजीदपुर, सुखविन्द्र सिंह, सुरजीत कसेरला, कुलवंत, हैप्पी टंगैल, सुखविन्द्र सिंह, जोधबीर, बलविन्द्र ढींढसा, जसबीर सिंह आदि मौजूद रहे।

    BJP's Tridev Conference sachkahoon

    पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछारें और किया लाठीचार्ज

    आंदोलनरत किसानों की भीड़ के कानून हाथ में लेने की आशंका के चलते पुलिस प्रशासन ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन इसी दौरान आक्रोश बढ़ता देख पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और हलका लाठीचार्ज किया, जिससे कुछ किसानों को चोटें भी आई। इस कारवाई में किसान रोहित वासी होली ने पुलिस अधिकारी पर पेट में लाठी मारने का आरोप लगाया है। वहीं किसान रमनदीप उगाला के सिर पर चोटें आने पर उसे एम.एम. हस्पताल मुलाना पहुंचाया गया।

    पूर्व विधायक राजबीर बराड़ा को सुनाई खरी खोटी

    प्रर्दशन के दौरान किसान जहां सरकार पर गुस्सा निकाल रहे थे। वहीं किसानों ने पूर्व विधायक राजबीर सिंह बराड़ा को भी आड़े हाथों लेते हुए उन्हें खरी खोटी सुनाई। किसानों ने बंसल पैलेस के मालिक, जोकि भाजपा व संघ के काफी नजदीकी माने जाते हैं, उन पर भी गुस्सा निकाला और बंसल पैलेस का बहिष्कार करने का फैसला किया।

    नहीं पहुंचे भाजपा नेता

    विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम में सिर्फ जिला प्रधान राजेश बतौरा ने ही शिरकत की। किसानों के भारी रोष के चलते अंबाला सांसद रतन लाल कटारिया, मुलाना विधानसभा प्रभारी घनश्याम अरोड़ा, भाजपा की टिकट पर मुलाना से विधानसभा चुनाव लड़ चुके रजबीर बराड़ा भी मौके पर नहीं पहुँच पाए। हालांकि जिला प्रधान बतौरा ने अपनी आज की मीटिंग को सफल करार दिया।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।