
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: बाखली पांच नंबर प्लॉट स्थित सेनसंस पेपर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में 55वां राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह शुरू हो गया है। यह सुरक्षा सप्ताह 5 मार्च से लेकर 11 मार्च तक मनाया जाएगा, जिसके दौरान कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा अधिकारी संजय नगर ने बताया कि मिल में कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों को मशीनों पर काम करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को सिर पर हेलमेट, हाथों में दस्ताने, पैरों में सेफ्टी शूज पहनने के साथ-साथ सही और फिट कपड़े पहनकर ही मशीनों पर काम करना चाहिए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि जब भी किसी मशीन पर कार्य किया जा रहा हो तो मशीन के स्विच के पास एक कर्मचारी की ड्यूटी होनी चाहिए, ताकि कोई अन्य व्यक्ति गलती से बटन न दबा दे और मशीन चालू होकर दुर्घटना का कारण न बन जाए। Pehowa News
इसके साथ ही कर्मचारियों को बेल्ट लगाकर काम करने और मशीनों के पास सावधानी बरतने के बारे में भी जागरूक किया गया। संजय नागर ने बताया कि सुरक्षा सप्ताह के दौरान अलग-अलग टीमों को अलग-अलग प्रकार की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें बिजली से संबंधित कार्य, चलने वाली मशीनों और मैकेनिकल मशीनों की मरम्मत किस प्रकार सुरक्षित तरीके से की जाए तथा काम करते समय खुद की सुरक्षा किस तरह सुनिश्चित की जाए, इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर सेनसंस पेपर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के एमडी व समाजसेवी प्रदीप सैनी ने कहा कि किसी भी उद्योग में कर्मचारियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने से कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ती है और दुर्घटनाओं से बचाव संभव होता है। इस मौके पर मिल के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। Pehowa News
यह भी पढ़ें:– चकरोड काटने के विरोध पर किसान के साथ मारपीट व गाली-गलौच














