हमसे जुड़े

Follow us

34.9 C
Chandigarh
Monday, March 9, 2026
More
    Home राज्य पंजाब अब एक क्लिक प...

    अब एक क्लिक पर मिलेगी हर प्रॉजेक्ट की जानकारी

    Patiala News
    Patiala News: ‘ई-निगम ऐप’ पर पहली ऑनलाइन बैठक सफलतापूर्वक आयोजित

    ‘ई-निगम ऐप’ पर पहली ऑनलाइन बैठक सफलतापूर्वक आयोजित

    पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: शाही शहर पटियाला ने पूरे पंजाब में पहला डिजिटल नगर निगम बनने का गौरव हासिल किया है। स्थानीय सरकार विभाग द्वारा तैयार की गई ‘ई-निगम ऐप’ पर पहली ऑनलाइन बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि 2 मार्च 2026 को बजट और जनरल हाउस की बैठक इसी ऐप के माध्यम से आयोजित की गई थी। इस ऐतिहासिक कदम के साथ नगर निगम का पूरा कामकाज अब पेपरलेस हो गया है, जिससे न केवल पारदर्शिता आएगी बल्कि जनता के पैसे की भी बड़ी बचत होगी। बैठक के दौरान हाउस में किसी भी प्रकार का एजेंडा कागज पर नहीं दिया गया और डिजिटल ई-बुक के माध्यम से पूरा एजेंडा पढ़ा गया।

    बताया गया है कि ई-निगम सॉफ्टवेयर को नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी), पंजाब द्वारा विकसित और लागू किया गया है। सिस्टम के सुचारू संचालन और प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए एनआईसी की टीम द्वारा लगातार प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता भी प्रदान की जा रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मेयर कुंदन गोगिया और कमिश्नर परमजीत सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर और सभी 60 वार्डों के पार्षदों की विशेष लॉगिन आईडी बनाई गई है। साथ ही सभी संबंधित पक्षों को टैबलेट भी उपलब्ध करवाए गए हैं। अब पार्षद अपने कम्प्यूटर के माध्यम से एजेंडा और बैठक की पूरी कार्रवाई का विवरण देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि नए नियमों के अनुसार हाउस की बैठक से पहले सभी पार्षदों को इस ऐप के उपयोग की पूरी जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि इस प्रणाली के माध्यम से पटियाला को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके। Patiala News

    स्टेशनरी के खर्च में 70% तक आएगी कमी

    उन्होंने कहा कि इस ऐप को बनाने का मुख्य उद्देश्य स्टेशनरी के खर्च को कम करना और नगर निगम के कामकाज में पारदर्शिता लाना है। नगर निगम में हर साल स्टेशनरी पर लगभग 25 से 30 लाख रुपये खर्च होते थे, जिसमें अब 70 प्रतिशत तक कमी आने की उम्मीद है।

    यह भी पढ़ें:– Bulldozer Action: नगर योजनाकार विभाग ने पांच एकड़ में फैली दो अवैध कॉलोनियों में चलाया बुलडोजर