हमसे जुड़े

Follow us

36 C
Chandigarh
Friday, April 24, 2026
More
    Home देश हरियाणा के सो...

    हरियाणा के सोनीपत में नकली इनो बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़!

    Haryana-Police
    सांकेतिक फोटो

    Police and Health Department Raids: सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में नकली इनो बनाने वाली फैक्ट्री का हरियाणा पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में भंडाफोड़ हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार कुंडली थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव अटेरना के खेतों में चल रही एक अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ किया गया है, जहां नकली इनो और अन्य उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री लंबे समय से गुप्त रूप से संचालित हो रही थी और यहां आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। Sonipat News

    संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान फैक्टरी से हजारों पैकेट नकली ईनो और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये उत्पाद बिना किसी मानक और गुणवत्ता जांच के तैयार किए जा रहे थे। इस अवैध कारोबार को अमरजीत दहिया नामक व्यक्ति द्वारा चलाया जा रहा था, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। कुंडली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

    मौके से बरामद ईनो और अन्य उत्पादों के सैंपल जांच के लिए भेजे

    स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके से बरामद ईनो और अन्य उत्पादों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई और सख्त की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की अवैध फैक्ट्रियां न केवल कानून का उल्लंघन करती हैं, बल्कि लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बनती हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के गोरखधंधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

    वहीं, मुरथल थाना इलाके में बनाए जा रहे नकली हार्पिक टॉयलेट क्लीनर की यूनिट का पर्दाफाश कर पुलिस ने भारी मात्रा में तैयार माल बरामद किया है। खाली बोतलें, ढक्कन व स्टीकर भी पुलिस ने जब्त किए हैं। फैक्ट्री से बरामद सारे माल को तीन ट्रकों में लादकर थाने में ले जाया गया। गुरुग्राम स्थित चेक आईपी सोल्यूशन्स प्रा लि कंपनी के पप्पू कुमार शर्मा ने मुरथल थाना पुलिस को शिकायत देकर कहा कि उनकी कंपनी हार्पिक टॉयलेट क्लीनर आदि सामान बनाने वाली कंपनी रेकिट बेंकाइजर के सामान की जांचकर्ता कंपनी है। शाहपुर तुर्क में प्रवेश नाम के व्यक्ति द्वारा अपने नकली उत्पाद बनाया जा रहा है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तुरंत बताए गए स्थान पर छापा मारा। यहां पर एक फैक्ट्री में हार्पिक के कई तरह के नकली उत्पाद बनते पाए गए। Sonipat News