जाखल तरसेम सिंह) हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन फतेहाबाद द्वारा वीरवार सायं गांव मामुपुर में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीसी डा. विवेक भारती व एसपी निकिता खट्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांव में ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याएं सुनकर मौके पर ही समाधान करवाया। कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्राम पंचायत व सरपंच गुरप्रीत सिंह द्वारा डीसी व एसपी सहित समस्त अधिकारियों का स्वागत व अभिनंदन किया।
जनसुनवाई से बढ़ा विश्वास, समाधान से मिली राहत
ग्रामीणों से रूबरू होते हुए डीसी डा.विवेक भारती ने कहा कि हरियाणा सरकार जनसेवा के प्रति पूर्णतः समर्पित है और इसी उद्देश्य से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को उनके घर द्वार पर ही सुन रहा है। उन्होंने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार और वीरवार को मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां किसी भी विभाग से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निवारण किया जा रहा है।
समग्र विकास के उद्देश्य से कार्य कर रहा प्रशासन
डीसी डा. विवेक भारती ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य केवल समस्याओं का समाधान करना ही नहीं, बल्कि गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के साथ-साथ अपने गांव को स्वच्छ, शिक्षित और नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। डीसी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक विकास कार्यों में सहयोगी बनते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाए। इसके अलावा डीसी ने यह भी कहा कि यदि किसी नागरिक की समस्या का समाधान निर्धारित समय में नहीं होता है तो वह सीधे जिला प्रशासन से संपर्क कर सकता है, उसकी शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
नशा मुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : एसपी
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में एसपी निकिता खट्टर ने युवाओं को नशे से दूर रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षा और खेल गतिविधियों की ओर प्रेरित करें। यदि किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी गतिविधि की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सरकारी योजनाओं पर केंद्रित स्टॉल का किया अवलोकन
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। डीसी डाॅ. विवेक भारती व एसपी निकिता खट्टर ने स्टॉल का अवलोकन करते हुए ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। प्रदर्शनी में आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा, पशुपालन, महिला बाल विकास, रोडवेज, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, परिवार पहचान पत्र, जल संरक्षण अभियान सहित अन्य जनकल्याण कारी जानकारी आमजन से सांझा करते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा, सीईओ डीआरडीए सुरेश कुमार सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।















