हमसे जुड़े

Follow us

32.4 C
Chandigarh
Thursday, March 12, 2026
More
    Home देश सरसा बस स्टैं...

    सरसा बस स्टैंड पर पार्किंग फीस के नाम पर लूट! ठेकेदार की मनमर्जी से वाहन मालिकों ने किया हंगामा

    Sirsa News
    सरसा बस स्टैंड पर पार्किंग फीस के नाम पर लूट! ठेकेदार की मनमर्जी से वाहन मालिकों ने किया हंगामा

    Arbitrary Parking Fee: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। सरसा बस स्टैंड पर रोडवेज विभाग की ओर से वाहनों की पार्किंग का ठेका दिया हुआ है। ठेकेदार के आदमी द्वारा निर्धारित से अधिक फीस वसूलने पर वाहन मालिकों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि 10 रुपये की बजाय 20-20 रुपये वसूल किए जा रहे थे। हंगामे की सूचना पर रोडवेज डिपो के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत देने पर ठेकेदार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सरसा निवासी मदन लाल, नरेंद्र सिंह, संदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने बस स्टैंड की पार्किंग में अपनी बाइक-स्कूटी पार्क की थी। मदन लाल से एक घंटे स्कूटी खड़ी करने के ही 20 रुपये वसूल कर लिए। नरेंद्र सिंह व संदीप कुमार की बाइक करीब सात घंटे पार्किंग में रही, लेकिन उनसे भी 20-20 रुपये लिए गए। Sirsa News

    जबकि रोडवेज विभाग की ओर से जारी टेंडर की शर्तों के अनुसार 12 घंटे की बाइक-स्कूटी की फीस 10 रुपये निर्धारित है। इस पर उक्त लोगों ने ठेकेदार के आदमी से सवाल किया। आरोप है कि ठेकेदार के आदमी ने कहा कि 20 रुपये ही फीस है। जब उन्होंने मोबाइल पर रिकार्डिंग शुरू की तो ठेकेदार भी मौके पर पहुंच गया और वाहन मालिकों से अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि ठेकेदार ने उन्हें धमकी दी और कहा कि आप पर वाहन चोरी का केस करवा दूंगा। हंगामे की सूचना रोडवेज डिपो के अधिकारियों को मिली तो वे मौके पर पहुंचे।

    यह है निर्धारित फीस | Sirsa News

    वाहन मालिकों ने अपनी मौखिक शिकायत अधिकारियों के सामने की और उचित कार्रवाई करने तथा मौके पर रेस्ट लिस्ट लगाने की मांग की। इस पर रोडवेज के अधिकारियों ने कहा कि आप लिखित शिकायत दो, उसके बाद इस मामले की जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि वाहन मालिकों ने कहा कि आप के सामने ही ठेकेदार अधिक फीस ले रहा है, इसमें शिकायत की क्या जरूरत है। यदि शिकायत ही करनी है तो डीसी के पास जाकर करेंगे। इसके बाद वाहन मालिक वहां से चले गए।

    रोडवेज विभाग ने पार्किंग के लिए जो ठेका दिया हुआ है, उसमें साइकिल, बाइक-स्कूटर, कार की अलग-अलग फीस निर्धारित की हुई है। सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक साइकिल के 5 रुपये, बाइक-स्कूटर के 10 रुपये तथा कार के 20 रुपये निर्धारित है। इसके बाद का समय 24 घंटे के हिसाब से तय है, जिसकी फीस साइकिल की 10 रुपये, बाइक-स्कूटर की 20 रुपये तथा कार की 30 रुपये निर्धारित है। यदि कोई मासिक आधार पर पार्किंग करता है तो उसके लिए साइकिल के 100 रुपये, बाइक-स्कूटर के 200 रुपये तथा कार के 400 रुपये निर्धारित है। यानि, इससे अधिक फीस ठेकेदार वसूल नहीं कर सकता।

    शिकायत देंगे तो जांच होगी: जीएम

    रोडवेज विभाग सरसा के जीएम अनित कुमार से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। यदि किसी वाहन मालिक से अधिक फीस ली गई है तो वह लिखित में शिकायत दे, कार्रवाई जरूर होगी। Sirsa News