शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर महिला से की गई ठगी
- टेलीग्राम लिंक के जरिए फंसाया जाल, पुलिस ने जयपुर से दबोचे आरोपी
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। साइबर क्राइम थाना सरसा की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को राजस्थान के जयपुर जिले से काबू किया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने जानकारी देते हुए बताया कि खैरपुर कॉलोनी, सरसा निवासी एक महिला के साथ करीब 2 लाख 89 हजार रुपए की साइबर ठगी की गई थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 26 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से एक लिंक प्राप्त हुआ। Sirsa News
जैसे ही महिला ने उस लिंक पर क्लिक किया, वह टेलीग्राम ऐप से जुड़ गई, जहां उसे शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफा कमाने के आकर्षक संदेश दिखाए गए। साइबर ठगों ने शुरूआत में छोटी राशि पर नकली मुनाफा दिखाकर और कुछ पैसे वापस भेजकर महिला का विश्वास जीत लिया। विश्वास बढ़ने के बाद महिला ने अधिक लाभ के लालच में आकर धीरे-धीरे कुल 2 लाख 89 हजार रुपए निवेश कर दिए। जब उसने अपनी पूरी राशि निकालने की कोशिश की, तो संबंधित लिंक बंद हो चुका था और उसे ठगी का एहसास हुआ। पीड़िता की शिकायत के आधार पर 20 मार्च को साइबर थाना सरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—कमल (गांव मारवा, जिला जयपुर) और राकेश (टयोढ़, जिला अजमेर)—को गिरफ्तार कर लिया।
आमजन के लिए चेतावनी | Sirsa News
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निवेश संबंधी लालच देने वाले संदेशों से सतर्क रहें।
यह भी पढ़ें:– चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से पैसे निकाले, बैंक में मचा हड़कंप















