
IPL 2026: नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने पंजाब किंग्स से आईपीएल मुकाबला शनिवार को हारने के बाद कहा कि यदि आप इतने सारे मौके गंवाते हैं तो हम हारने लायक हैं। दिल्ली ने पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर को दो जीवनदान दिए और इसका फायदा उठाकर उन्होंने नाबाद 71 रन की मैच विजयी पारी खेली। अक्षर ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कहा, ”विकेट को देखते हुए, अगर आप अपने बॉलर्स को सपोर्ट नहीं करते हैं और इतने सारे मौके गंवाते रहते हैं, तो मुझे लगता है कि हम हारने के लायक थे। यही मेन पॉइंट है। यह एक अच्छी पिच और छोटा ग्राउंड था, इसलिए छक्के तो लगने ही थे। हालांकि, जब मौके मिलते हैं और आप एक भी नहीं भुनाते हैं, तो आप मौके गंवा देते हैं, जैसा हमने आज किया। इस तरह के विकेट पर, अगर आप अपने बॉलर्स को सपोर्ट नहीं करते हैं, तो यह मुश्किल हो जाता है।
कप्तान ने साथ ही कहा, ”साथ ही, हमें अपनी बॉलिंग यूनिट पर भी ध्यान देने की जरूरत है। जिस तरह से हमने पावरप्ले में बॉलिंग की, फास्ट बॉलर्स, फील्डिंग, और जो मौके हमने गंवाए, वे मेन कारण थे। क्योंकि इस तरह के विकेट पर, 264 एक बहुत अच्छा स्कोर था। अगर आप पॉजिटिव बातें देखें, तो हमने 264 रन बनाए, जो इंडियन प्रीमियर लीग में एक रिकॉर्ड स्कोर है। इससे पता चलता है कि अगर किस्मत थोड़ी भी आपके साथ हो और आप कैच पकड़ लें, तो आप लगातार दो या तीन मैच जीत सकते हैं। अगर आप उन मैचों को देखें जो हम हार रहे हैं, तो कई करीबी मैच थे।” उन्होंने कहा, ”टॉस के समय भी मैंने यही कहा था, अगर हम जरूरी मौकों का फायदा उठा पाते, तो दो या तीन नतीजे हमारे पक्ष में हो सकते थे और हम जीतते रह सकते थे। लेकिन जरूरी यह है कि आपको उन मौकों का फायदा उठाना होगा। ऐसा नहीं हो सकता कि आप हर बार आकर वही गलतियाँ दोहराएँ। इसलिए मुझे लगता है कि हम वापस जाकर इसे फिर से देखेंगे, देखेंगे कि हम क्या कर सकते हैं, और कहाँ सुधार कर सकते हैं।”














