प्रताप नगर सच कहूं राजेंद्र कुमार। ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल खदरी के प्रांगण में महर्षि पतंजलि अंतर्राष्ट्रीय योग विद्यापीठ (पुरकाजी, मुजफ्फरनगर) के संस्थापक परम पूज्य स्वामी कर्मवीर जी महाराज के पावन सान्निध्य में चार दिवसीय योग शिविर का भव्य आयोजन चल रहा है। 10 मार्च से शुरू हुआ यह शिविर 13 मार्च तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से ही सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी योग की गंगा में डुबकी लगा रहे हैं।
शिविर के दौरान स्वामी जी ने साधकों को विभिन्न और महत्वपूर्ण योग मुद्राओं का अभ्यास कराया। उन्होंने विशेष रूप से कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और उज्जाई प्राणायाम की सूक्ष्म बारीकियों को समझाते हुए बताया कि ये क्रियाएं न केवल फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ाती हैं, बल्कि आधुनिक युग के तनाव और मानसिक विकारों को जड़ से समाप्त करने में सक्षम हैं। स्वामी जी ने जोर देकर कहा कि “योग करने से मनुष्य सदैव निरोग रहता है” और यह आत्म-साक्षात्कार का सबसे सुगम मार्ग है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के डायरेक्टर मिस्टर अंचल जी ने उपस्थित जानकारी देते हुए बताया की “हमारा उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि एक स्वस्थ और संस्कारवान समाज का निर्माण करना है। योग हमारी ऋषि-मुनियों की वह अनमोल धरोहर है, जो हमें अनुशासित और ऊर्जावान बनाती है।” श्रीमान अंचल जी ने आगे बताया कि ‘स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है’ और विद्यार्थियों के लिए योग एकाग्रता बढ़ाने का रामबाण उपाय है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस शिविर का पूर्ण लाभ उठाएं और योग को केवल चार दिन के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह
इस शिविर का लाभ न केवल विद्यालय के विद्यार्थी और शिक्षक उठा रहे हैं, बल्कि खदरी और आसपास के गांवों के बुजुर्ग, महिलाएं और युवा भी बड़ी संख्या में पहुँच रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिविर में आने वाले सभी साधकों के लिए उचित व्यवस्था की गई है। 13 मार्च को शिविर के अंतिम दिन विशेष समापन सत्र का आयोजन किया जाएगा।















