हमसे जुड़े

Follow us

40.2 C
Chandigarh
Thursday, April 23, 2026
More

    Mirzapur Road Accident: मिर्ज़ापुर में कई ट्रक टकराए, 11 की मौत, PM मोदी ने की 2 लाख की आर्थिक मदद की घोषणा

    Kangra Accident News
    सांकेतिक फोटो

    मिर्ज़ापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में घाटी क्षेत्र के खतरनाक मार्ग पर बुधवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में बच्चों सहित 11 लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण एक ट्रक के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है, जिससे कई वाहन आपस में टकरा गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह हादसा ड्रामंडगंज घाटी से लसोड़ा की ओर उतरते समय हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। Mirzapur Road Accident

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ढलान से नीचे उतर रहे एक ट्रक के ब्रेक अचानक काम करना बंद कर गए। अनियंत्रित ट्रक सामने चल रहे दूसरे ट्रक से जा टकराया। उसी दौरान दोनों ट्रकों के बीच चल रही एक कार बुरी तरह फंस गई। इसके बाद पीछे से आ रही एक बोलेरो वाहन भी टकरा गई, जिससे उसमें आग लग गई और स्थिति और गंभीर हो गई। दुर्घटना के बाद कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

    राहत एवं बचाव कार्य जारी | Mirzapur Road Accident

    घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस और दमकल विभाग ने स्थानीय लोगों के सहयोग से वाहनों में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रशासन के अनुसार दुर्घटना में शामिल वाहनों में बिहार और मध्य प्रदेश में पंजीकृत ट्रक, सोनभद्र जिले की एक कार तथा मिर्जापुर की एक अन्य कार शामिल थीं।

    मृतकों के प्रति प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने जताया शोक

    नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा घायलों के लिए 50 हजार रुपये की मदद की घोषणा की। वहीं द्रौपदी मुर्मू ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। जिला प्रशासन के अनुसार मृतकों में अधिकांश मिर्जापुर के निवासी थे, जबकि कुछ लोग मध्य प्रदेश और सोनभद्र जिले से संबंधित थे। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रभावित मार्ग पर यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं। Mirzapur Road Accident