Youth Body Found Bhakra Canal: गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल)। गांव झूटीखेड़ा निवासी एक युवक ने बुधवार सुबह मौजगढ़ गांव के पास भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। कई घंटों की तलाश के बाद गोताखोरों ने उसका शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान मदनलाल पुत्र जगदीश के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से मानसिक परेशानी से जूझ रहा था। जानकारी के अनुसार मदनलाल ने नहर में कूदने से पहले अपना मोटरसाइकिल, चप्पल, हेलमेट और कंबल नहर किनारे छोड़ दिया था। जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। Sirsa News
इसी दौरान एक परिजन ने डबवाली रेलवे स्टेशन से लौटते समय नहर किनारे उसका मोटरसाइकिल खड़ा देखा। पास में ही उसकी अन्य वस्तुएं भी पड़ी थीं, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि मदनलाल ने सुबह करीब 4:30 बजे अपनी पत्नी के खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके बाद वह मोटरसाइकिल लेकर नहर पर पहुंचा और छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही पुलिस व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 12:15 बजे उसका शव नहर से बरामद कर लिया गया। मृतक निजी नौकरी करता था और कुछ समय से हिस्सेदारी में दुकान भी चला रहा था, लेकिन उसमें नुकसान होने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। उसके दो बच्चे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली की मोर्चरी में रखवाया, जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। Sirsa News















