हमसे जुड़े

Follow us

42.5 C
Chandigarh
Friday, April 24, 2026
More
    Home खेल भारत-बांग्लाद...

    भारत-बांग्लादेश ने की गुलाबी गेंद से प्रैक्टिस

    India Bangladesh practiced with pink ball

    टेस्ट को यादगार बनाने के लिए पूरे शहर में तैयारियां जोरों पर, प्रधानमंत्री शेख हसीना को किया आमंत्रित

    कोलकाता (एजेंसी)। भारत और बांग्लादेश के बीच 22 नवंबर से होने वाले ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट से पहले बुधवार को ईडन गार्डन मैदान पर दोनों टीमों ने गुलाबी गेंद से आधिकारिक रुप से अभ्यास किया। दोनों क्रिकेट टीमें मंगलवार को कोलकाता पहुंच गई थी जहां वे अपने क्रिकेट इतिहास में पहली बार डे-नाइट प्रारुप में टेस्ट खेलने उतरेंगी। इस मैच को यादगार बनाने के लिए पूरे शहर में ही जोरदार तैयारियां की गई हैं, साथ ही मैच के लिए बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को आमंत्रित किया गया है जो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरभ गांगुली के निमंत्रण पर अपनी टीम का हौंसला बढ़ाने के लिए यहां मौजूद रहेंगी।

    मेहमान बांग्लादेशी टीम को सुबह 10 बजे से 1 बजे तक ईडन गार्डन मैदान पर गुलाबी गेंद से अभ्यास करने का समय दिया गया जबकि मेज़बान भारतीय टीम इसके बाद यहां पर अभ्यास के लिए उतरी। गुलाबी गेंद पर अधिक रोगन होने के कारण इसके स्विंग अधिक करने की उम्मीद है, ऐसे में तेज़ गेंदबाज़ों को इससे फायदा मिल सकता है। दोनों टीमों के बीच पहले मैच में मोहम्मद शमी, उमेश यादव और इशांत शर्मा काफी सफल रहे थे। ऐसे में दूसरे मैच में भी इनके प्रदर्शन पर निगाहें रहेंगी। भारत ने होल्कर स्टेडियम में हुए पहले मैच में बांग्लादेश को तीन दिन के अंदर पारी और 130 रन से पराजित कर दिया था।

    विराट की अगुवाई में मेज़बान टीम 1-0 की बढ़त के साथ उतरेगी और क्लीन स्वीप करना चाहेगी। भारत और बांग्लादेश के बीच दो टेस्टों की सीरीज़ के दूसरे मैच को डे-नाइट प्रारुप में कराने के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की मंजूरी के बाद पहली बार खेला जाएगा। आयोजकों को भरोसा है कि मैच के पहले दिन स्टेडियम पूरी तरह दर्शकों से भरा रहेगा जहां करीब 68 हजार दर्शकों के मौजूद रहने की उम्मीद है। बगान के लिए खेलते हुए शमी ने लिए थे सात विकेट

    वर्ष 2016 में ईडन गार्डन मैदान पर मोहन बगान और भवानीपुर के बीच चार दिवसीय घरेलू मैच का आयोजन किया गया था जो इस मैदान पर गुलाबी गेंद से खेला गया पहला मैच था। बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) द्वारा आयोजित इस मैच में मोहम्मद शमी ने बगान के लिए खेलते हुए सात विकेट लिए थे।

    • क्रिकेट विशेषज्ञों की मानें तो ईडन गार्डन गुलाबी गेंद से मैच आयोजित करने के लिए पूरी तरह उपयुक्त मैदान है जहां दोनों ही टीमें पहली बार इस प्रारुप में खेलने उतरेंगी।
    • कैब क्यूरेटर सुजान मुखर्जी ने कहा कि वह गुलाबी गेंद से इस पिच पर खेलने को लेकर काफी उत्साहित हैं और उनका मानना है कि दोनों ही टीमों को पिच पर फायदा पहुंचेगा।
    • मुखर्जी ने कहा कि आमतौर पर यहां क्रिकेट लाल गेंद से और सीमित ओवर में सफेद गेंद से खेला जाता है।
    • लेकिन गुलाबी गेंद के लिए भी ईडन गार्डन की पिच तैयार है।
    • बीसीसीआई के मुख्य क्यूरेटर आशीष भौमिक भी पहले गुलाबी गेंद के मुकाबले के लिए शहर में मौजूद हैं और उन्होंने तैयारियों तथा पिच का भी जायजा लिया।