Agricultural News: मानसून की बढ़ती रफ्तार से किसानों के चेहरे खिले, रोपाई-बुआई ने भी पकड़ी रफ्तार

धमतरी में बारिश बनी किसानों के लिए वरदान,खेतों में बढ़ी रौनक

Published On

Farmers News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही हल्की से मध्यम वर्षा ने खरीफ सीजन की खेती को नई ऊर्जा प्रदान की है। अनुकूल मौसम के कारण जिले के धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड विकासखंडों में कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं। खेतों में धान की रोपाई, जुताई और अन्य कृषि कार्य पूरे उत्साह के साथ किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेती का माहौल पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रहा है। Agricultural News

दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने किसानों को बड़ी राहत दी है। पर्याप्त नमी मिलने से खेत रोपाई के लिए उपयुक्त हो गए हैं और किसान समय पर खेती का कार्य पूरा करने में जुटे हैं। मौसम की अनुकूलता को देखते हुए इस वर्ष अच्छी खरीफ फसल की उम्मीद भी बढ़ी है, हालांकि किसान अत्यधिक वर्षा की संभावना को लेकर सतर्क भी हैं।

ग्राम अमाली के किसान प्रवीण चंद साहू ने बताया कि उन्होंने लगभग पांच एकड़ भूमि में धान की रोपाई पूरी कर ली है। उनका कहना है कि वर्तमान मौसम फसल की बेहतर वृद्धि के लिए अनुकूल है और यदि वर्षा का क्रम संतुलित बना रहा तो उत्पादन अच्छा रहने की संभावना है।

इसी प्रकार किसान गुलजार कश्यप ने बताया कि वे ढाई एकड़ खेत में धान की रोपाई कर रहे हैं। लगातार हो रही वर्षा से रोपाई का कार्य आसान हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सहकारी समिति के माध्यम से आवश्यकता के अनुसार उर्वरक उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही।

वहीं किसान आनंद राम यादव ने तीन एकड़ में रोपाई का कार्य पूरा कर लिया है। उन्होंने बताया कि खेतों में खुले घूमने वाले मवेशियों से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने गांव में कांजी हाउस का संचालन दोबारा शुरू करने की मांग की है।

कुरूद क्षेत्र के किसान शेखर चंद्राकर का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार संतुलित वर्षा होती रही तो क्षेत्र में खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है। फिलहाल पूरे जिले में कृषि कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और किसान अच्छे मौसम का पूरा लाभ उठा रहे हैं।

About The Author

Related Posts