दिल्ली में इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने पर 50 हजार रुपये तक सब्सिडी, 2027 से नए ऑटो का रजिस्ट्रेशन होगा सिर्फ इलेक्ट्रिक
EV पॉलिसी 2026 के तहत रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस में भी 100% छूट, ऑनलाइन करना होगा आवेदन
दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण कम करने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार ने ईवी पॉलिसी 2026 के तहत इलेक्ट्रिक ऑटो-रिक्शा खरीदने वालों को आर्थिक राहत देने की व्यवस्था की है। इस नीति के तहत नया इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने वाले पात्र लोगों को पहले साल 50 हजार रुपये तक की सीधी वित्तीय सब्सिडी मिल सकती है। इसके अलावा पात्र इलेक्ट्रिक वाहनों पर रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस में भी 100 प्रतिशत छूट का प्रावधान बताया गया है।
सरकार की योजना इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और राजधानी में प्रदूषण के स्तर को कम करने की है। नीति के अनुसार, 1 जनवरी 2027 से दिल्ली में नए ऑटो-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन केवल इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए होगा। ऐसे में इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह नीति आर्थिक रूप से राहत देने वाली हो सकती है।
सब्सिडी के लिए कब और कहां करें आवेदन?
दिल्ली परिवहन विभाग की ओर से सब्सिडी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन और पेपरलेस रखी गई है। इसके लिए आवेदकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि वाहन खरीदने और उसका रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) जारी होने के 30 दिनों के भीतर सब्सिडी के लिए आवेदन करना होगा। निर्धारित समयसीमा के बाद आवेदन करने पर सब्सिडी का दावा स्वीकार नहीं किया जा सकता।
इसलिए इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने वाले लोगों को आरसी मिलने के बाद जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
सब्सिडी के लिए आवेदन करने से पहले आवेदक को निम्नलिखित दस्तावेज डिजिटल रूप में तैयार रखने होंगे:
-
वाहन का ओरिजिनल रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC)
-
आधार कार्ड
-
दिल्ली का वोटर आईडी कार्ड
-
बैंक खाते का प्रमाण
इसके अलावा आवेदक का मोबाइल नंबर आधार कार्ड और वाहन की आरसी से लिंक होना जरूरी बताया गया है, क्योंकि आवेदन के दौरान ओटीपी के जरिए सत्यापन किया जाएगा। यह सब्सिडी नकद और लोन दोनों माध्यमों से खरीदे गए पात्र वाहनों पर लागू बताई गई है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने पर सब्सिडी पाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया इस प्रकार है:
-
सबसे पहले दिल्ली सरकार के आधिकारिक ईवी सब्सिडी पोर्टल evsubsidy.delhi.gov.in पर जाएं।
-
होमपेज पर उपलब्ध Apply Online या Apply for Subsidy विकल्प पर क्लिक करें।
-
वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर दर्ज करें।
-
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से सत्यापन करें।
-
इसके बाद आधार नंबर, जन्मतिथि और अन्य जरूरी व्यक्तिगत जानकारी भरें।
-
आधार ओटीपी के जरिए पहचान सत्यापित करें।
-
मांगे गए दस्तावेज और बैंक संबंधी जानकारी भरकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
Comments