विश्व बैंक की उपाध्यक्ष एवं मुख्य अर्थथास्त्री नियुक्त हुईं कारमेन रेनहार्ट

Published On

वाशिंगटन। हार्वर्ड विश्वविद्यालय की प्रोफसर कारमेन रेनहार्ट विश्व बैंक की नयी उपाध्यक्ष एवं मुख्य अर्थथास्त्री नियुक्त की गई हैं। विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष डेविड मेलपास ने इसकी घोषणा की। रेनहार्ट 15 जून से अपना कार्यभार संभालेंगी। मेलपास ने बुधवार को एक बयान में कहा, “मैं विश्व बैंक समूह में रेनहार्ट का स्वागत करते हुए बहुत खुश हूं। हम विकास को बढ़ावा देने और अपने सदस्य देशों की ऋण एवं आर्थिक मंदी की समस्या को हल करने के लिए प्रयास कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “रेनहार्ट का करियर विकसित और विकासशील देशों में वित्तीय संकटों और उन पर काबू पाने के उपायों को समझने को लेकर समर्पित है।” ‘अंतरराष्ट्रीय वित्त एवं वित्तीय संकट’ विषय की अर्थशास्त्री रेनहार्ट वित्तीय संकटों पर लिखी अपनी किताब “दिस टाइम इज डिफरेंट: ऐट सेंचुरीज ऑफ फाइनेंशियल फोली” के लिए मशहूर हैं। उन्होंने यह किताब हार्वर्ड विश्विविद्यालय के अर्थशास्त्री केनेथ रोगोफ के साथ मिलकर लिखी थी। विश्व बैंक ने इस नियुक्ति से पहले मंगलवार को घोषणा की थी कि कोविड-19 के खिलाफ इसका आपातकाल अभियान 100 विकासशील देशों में पहुंच गया है जहां विश्व की 70 फीसदी आबादी निवास करती है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts