कांग्रेस नेताओं पर आपत्तिजनक ट्वीट करने पर संबित पात्रा के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

(Case filed against Sambit Patra)

ठाणे (एजेंसी)। कांग्रेस पार्टी और उसके दिवंगत नेताओं पर आपत्तिजनक ट्वीट करने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव बृजकिशोर दत्त ने श्री पात्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है जिसके बाद यह मामला दर्ज किया गया। पात्रा ने ट्वीट कर कहा है कि यदि कांग्रेस के शासनकाल में कोविड-19 की समस्या उत्पन्न हुई होती तो बड़े पैमाने पर धन का गबन और दुरुपयोग होता।

भाजपा प्रवक्ता ने अपने विवादास्पद ट्वीट में कहा, ‘यदि यह महामारी कांग्रेस के शासनकाल में आई होती तो पांच हजार करोड़ रुपए मास्क पर, सात हजार करोड़ रुपए कोरोना जांच किट पर, 20 हजार करोड़ रुपए सैनिटाइजर पर और 26 हजार करोड़ रुपए राजीव गांधी वायरस अनुसंधान पर खर्च किए जाते। युवा कांग्रेस महासचिव ने अपनी शिकायत में कहा कि इसके अलावा पात्रा ने पंडित जवाहर लाल नेहरू और राजीव गांधी की तस्वीरों का उपयोग कर पार्टी के दिग्गज नेताओं की मानहानि की है। पुलिस की प्रवक्ता सुखदा नारकर ने बताया कि पात्रा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 500 के तहत कल्याण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts