खेती हमारी जान है तो पहलवान हमारी शान- मुख्यमंत्री

Haryana News
खेती हमारी जान है तो पहलवान हमारी शान- मुख्यमंत्री

मनोहर लाल ने कृषि उपकरणों व खाद-बीज प्रदर्शनी का अवलोकन किया

हिसार (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal) ने कहा है कि हरियाणा किसान प्रधान प्रदेश है। यहाँ के किसानों ने कृषि के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में अपना परचम देश और दुनिया में लहराया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में आयोजित कृषि मेले के समापन समारोह में किसानों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रकार के कृषि उपकरणों, खाद-बीज की लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की। Haryana News

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर साल किसानों को नवाचार और तकनीक बारे ज्ञानवर्धन के लिए कृषि मेला आयोजित किया जाता है। किसानों का उत्साह इस मेले के प्रति बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने हरियाणा को किसान प्रधान प्रदेश बताते हुए कहा कि किसानों ने कृषि के क्षेत्र में बहुत तरक़्क़ी कर ली है। किसानों ने नई फसलों के साथ साथ नकदी फसलों की खेती करनी शुरू कर दी है। सरकार भी किसानों को खेती और तकनीक बारे जानकारी देने के साथ उन्हें प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहन दे रही हैं। किसानों की बदौलत हरियाणा आज तरक्की के मामले में प्रगति के पथ पर अग्रसर है। खेती हमारी जान है तो पहलवान हमारी शान हैं।

एसवाईएल नहर को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने मुहर लगाई | Haryana News

मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हुए कहा कि एसवाईएल नहर पर हमारे हक़ पर सुप्रीम कोर्ट ने मुहर लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर नहर का निर्माण अवश्य होगा। उन्होंने कहा कि एसवाईएल नहर पर आम आदमी पार्टी का दोहरा चेहरा सामने आया है। हरियाणा के किसान दोगली राजनीति करने वालों को समझते हैं और उनकी यह दोगली राजनीति यहाँ नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि एसवाईएल हरियाणा का हक़ है और इसे सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनज़र लागू करवाया जाएगा।

जींद जिला के मोहनखेड़ा गांव के किसान भरत सिंह को मिला जॉनडियर ट्रैक्टर

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बटन दबाकर लकी ड्रा के माध्यम से ईनाम निकाले। इसमें जींद जिला के मोहन खेड़ा गांव के किसान भरत सिंह को 750000 रुपए कीमत का जॉनडीयर ट्रैक्टर ईनाम में निकला। फतेहाबाद जिले के किरढान गांव के अजीत सिंह को 350000 रुपए कीमत का ट्रैक्टर ईनाम में निकला। फतेहाबाद जिले के ही टिब्बी गांव के सुरजीत को 250000 रुपए कीमत की लैंड लेवलर मशीन, पंजाब के गंगा अब्दुल गांव के गुरपिंदर सिंह को 1 लाख 75000 रुपए राशि की सुपर सीडर मशीन तथा जींद जिला के दरोड़ी गांव के किसान अंकित को 74000 रुपए की कीमत की इलेक्ट्रिक पावर वीडर मशीन ईनाम में निकली। Haryana News

इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना, विधायक जोगीराम सिहाग, विधायक लक्ष्मण नापा, हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष सुभाष बराला, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमेन आदित्य देवीलाल, कृषि विभाग के प्रधान सचिव विजयेन्द्र कुमार, चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर बी आर कंबोज, कृषि विभाग के निदेशक डॉ. नरहरि सिंह बाँगड मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:– Jaisalmer : एएसआई सहित 51 पुलिस कर्मियों का ट्रांसफर