पांच मंत्री व 28 विधायक दिखे सिद्धू के साथ, कैप्टन से बनाकर रखी दूरी

Punjab Congress Politics

कुछ ही दूरी पर नवजोत सिद्धू के साथ रहे सभी विधायक, केक काटकर मनाया जश्न (Punjab Congress Politics)

अश्वनी चावला चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू की ताकत बढ़ती नजर आ रही है। साथ ही बड़ी संख्या में कैबिनेट मंत्री व विधायक भी नवजोत सिद्धू के खेमे में आ गए हैं। सोमवार को पूरा दिन नवजोत सिद्धू चंडीगढ़ में रहे और उनके साथ दो-चार नहीं बल्कि 30 के करीब विधायक और पांच कैबिनेट मंत्री दिखे। जब सिद्धू के अध्यक्ष बनने की खुशी में केक काटा जा रहा था तब सभी विधायक और पांच कैबिनेट मंत्रियों के अलावा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ और मौजूदा यूथ कांग्रेस प्रधान बरिन्द्रजीत सिंह ढिल्लों भी मौके पर मौजूद थे।

अमरेन्द्र सिंह की कोठी में चंद नेताओं की हुई बैठक

हैरानी वाली बात यह रही कि सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक अमरेन्द्र सिंह की रिहायश से 100 मीटर की दूरी पर नवजोत सिद्धू के साथ जश्न मना रहे थे और किसी एक भी विधायक ने अमरेन्द्र सिंह के साथ मुलाकात नहीं की। इससे स्पष्ट हो गया कि पंजाब में मुख्य केंद्र अमरेन्द्र सिंह नहीं बल्कि नवजोत सिद्धू ही बनते नजर आ रहे हैं।

नवजोत सिद्धू के साथ जश्न मनाने में कैबिनेट मंत्री सुखजिन्द्र रंधावा, रजिया सुल्ताना, चरनजीत सिंह चन्नी, तृप्त राजिन्दर बाजवा और सुखबिन्द्र सिंह सुखसरकारिया मौजूद थे। जबकि विधायकों में गुरकिरत सिंह कोटली, कुशलदीप सिंह ढिल्लों, सत्कार कौर, लखबीर लक्खा, चौधरी सुरेन्द्र सिंह, परमिन्द्र सिंह पिंकी, अमरीक सिंह ढिल्लों, बावा हेनरी, नाजर सिंह मानसाहिया, तरसेम सिंह डीसी, दर्शन बराड़, वरिन्द्रमीत सिंह पाहड़ा, निर्मल सिंह, अंगद सिंह, प्रगट सिंह, जोगिन्द्रपाल, कुलजीत नागरा, कुलदीप सिंह वैद्य, नत्थू राम, अमरेन्द्र सिंह राजा वड़िंग, सुरजीत धीमान, प्रीतम सिंह कोटभाई, दवेन्द्र सिंह घुबाया, सुखविन्द्र डैनी, मदन लाल जलालपुर, सुखजीत सिंह, धर्मवीर सिंह अग्निहोत्री और हरजोत कमल शामिल थे।

पूर्व विधायकों में केवल सिंह ढिल्लों भी मौके पर दिखाई दिए।इन विधायकों और मंत्रियों में से केवल निर्मल सिंह शुतराना और मदन लाल जलालपुर अमरेन्द्र सिंह की कोठी में गए थे लेकिन उनका कहना है कि वे विभागीय मीटिंग के लिए गए थे। इसके अलावा उनकी मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह के साथ कोई बातचीत नहीं हुई।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।